महिला से अभद्रता और गाली-गलौज करने वाला आरोपी गिरफ्तार, (फोटो साभार: (X@ETVBharatUK)
हल्द्वानी के टीपी नगर स्थित नीलांचल कॉलोनी में एक महिला से अभद्रता, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक्शन लेते हुए आरोपित सलीक अली को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें, कि आरोपी का धमकी भरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार 14 जुलाई 2026 की दोपहर लगभग डेढ़ बजे एक डिलीवरी बॉय पीड़िता के घर का पता पूछने पहुंचा था। आरोप है, कि इस दौरान पड़ोस में रहने वाले सलीक अली ने बिना किसी कारण महिला के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और आपत्तिजनक इशारे किए।
महिला द्वारा विरोध करने पर आरोपित हाथ में लकड़ी लेकर मारने को दौड़ा व जान से मारने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। आरोप है, कि आरोपी पहले भी कई बार उसके और उसकी बेटी के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़खानी जैसी हरकतें कर चुका है।
घटना के बाद आरोपित का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वह खुलेआम धमकी देता दिखाई दे रहा है। पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने के बाद एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है, कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और कानून व्यवस्था को चुनौती देने या समाज में भय का माहौल पैदा करने वाले किसी भी शख्स के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
