केदारनाथ धाम में बर्फ़बारी, (फोटो साभार: ETVBharatUK/जागरण)
उत्तराखंड में गुरुवार सुबह एक बार फिर मौसम ने करवट बदल ली है। देवभूमि स्थित देवाधिदेव महादेव की पावन स्थली श्री केदारनाथ धाम की चोटियों और पहाड़ियों पर बर्फ की सफेद चादर बिछने से यहां का नजारा बेहद मनमोहक हो गया है।
बर्फबारी से बाबा केदार के दर्शनों के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिल रहा है, लेकिन तापमान में गिरावट के कारण ठंड का प्रकोप भी लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार (29 अक्टूबर 2026) की सुबह से ही रुद्रप्रयाग जनपद में मौसम का मिजाज बदला और कई क्षेत्रों में बारिश होने लगी।
#WATCH | Uttarakhand | Shri Kedarnath Dham witnesses snowfall, causing a drop in temperature.
The district administration has appealed to devotees to take necessary precautions against the cold and strictly follow the guidelines issued by the administration and police in view of the weather conditions.
— ANI (@ANI) October 29, 2026
जबकि केदारनाथ धाम समेत ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया। बता दें, कि तीन दिन पहले भी धाम में बर्फबारी हुई थी। अब दोबारा बर्फ गिरने से धाम की पहाड़ियों पर चारों ओर बर्फ नजर आ रही है। केदार नगरी में बर्फबारी के अद्भुत नजारे को देखकर श्रद्धालु उत्साहित नजर आए।
वहीं, जनपद के निचले इलाकों में भी मौसम का मिजाज बदला रहा। जिला मुख्यालय समेत उखीमठ, गुप्तकाशी, जखोली और बसुकेदार क्षेत्र में सुबह से बादल छाए रहे और हल्की बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
जिला प्रशासन के मुताबिक, केदारनाथ धाम में बर्फबारी के साथ तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। ऊंचाई वाले क्षेत्र में मौसम तेजी से बदल सकता है, इसलिए यात्रियों से अपील है कि पर्याप्त गर्म कपड़े, जरूरी सामग्री और अपनी आवश्यकता के अनुसार दवाइयां साथ रखें।
बता दें, कि केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए 11 नवंबर को बंद होने हैं। यात्रा सीजन में अब तक 18 लाख 53 हजार से अधिक श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंच चुके हैं। बुधवार को धाम में 8,376 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इसके साथ ही इस यात्रा सीजन में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 18,53,032 हो गई है।
मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों के साथ मैदानी इलाकों में भी कहीं-कहीं बारिश और तेज गर्जना होने की संभावना बनी हुई है। जबकि देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले क्षेत्रों के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और गर्जना की आशंका है।
