छेड़छाड़ और तेजाब फेंकने की धमकी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, (फोटो साभार: X@@UdhamSNagarPol)
ऊधमसिंहनगर जिले के दिनेशपुर स्थित शिक्षण संस्थान की छह छात्राओं से छेड़छाड़, अश्लील टिप्पणी और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, छात्राओं को गला काटने और तेजाब फेंकने जैसी गंभीर धमकियां दिए जाने की शिकायतें भी सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार 23 अक्टूबर को दिनेशपुर क्षेत्र स्थित शिक्षण संस्थान में पढ़ने वाली छात्राओं के मोबाइल नंबर और फोटो साझा कर उन्हें निशाना बनाने से संबंधित शिकायत सामने आई थी। शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्जकर महिला पुलिस अधिकारी द्वारा मामले की जांच शुरू की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया, कि उत्तर प्रदेश निवासी आरोपित मोहम्मद बिलाल, जो संबंधित शिक्षण संस्थान का छात्र बताया जा रहा है, उसने छह छात्राओं के नाम, पते, मोबाइल नंबर और फोटो जैसी निजी जानकारी अपने साथी मोहम्मद अनस के साथ शेयर की थी।
🛑 एसएसपी अजय गणपति के कुशल निर्देशन में ऊधमसिंहनगर पुलिस की बड़ी कार्यवाही — शिक्षण संस्थान की 06 छात्राओं से छेड़छाड़, अश्लील टिप्पणी एवं जान से मारने की धमकी देने वाले 02 शातिर आरोपी गिरफ्तार! https://t.co/e6pIoU14fL
— Udham Singh Nagar Police Uttarakhand (@UdhamSNagarPol) October 24, 2026
आरोप है, कि इसके बाद छात्राओं को अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणियों, छेड़छाड़ तथा गाली-गलौच का सामना करना पड़ा। पुलिस के अनुसार, जांच में छात्राओं को गला काटने और तेजाब फेंकने जैसी गंभीर धमकियां दिए जाने की शिकायत भी सामने आई। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू की।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर गठित तीन टीमों ने आरोपितों के संभावित ठिकानों पर उनकी तलाश की। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी अनस फरार होने का प्रयास कर रहा था। वह नेपाल सीमा की ओर जाने की फिराक में था। सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे बनबसा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
वहीं दूसरे आरोपी मो. बिलाल को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनस पुत्र मोहम्मद मोबिन, उम्र 22 वर्ष, निवासी बिसरख क्षेत्र, उत्तर प्रदेश और मो. बिलाल पुत्र मोहम्मद यूसुफ, उम्र 20 वर्ष, निवासी खेमपुर, जिला रामपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
एसपी क्राइम अनुष्का बडोला ने बताया, पीड़ित पक्ष की तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस की तीन टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश की गई। जांच के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया, कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपितों से बरामद मोबाइल फोन में मौजूद डिजिटल साक्ष्यों, छात्राओं की निजी जानकारी साझा किए जाने और आरोपियों के बीच हुई बातचीत की पड़ताल की जा रही है।
