सांकेतिक चित्र
भारतीय रेलवे की टिकट बुकिंग (Railway Ticket Booking) की व्यवस्था में बड़े बदलाव हो चुके हैं। IRCTC की नई बीटा वेबसाइट बुधवार 15 जुलाई 2026 को लॉन्च हो गई है। IRCTC की नई वेबसाइट अभी यह बीटा वर्जन में है और आगे इसका फाइनल वर्जन लॉन्च किया जाएगा।
रेल मंत्रालय के मुताबिक, यात्रियों की फीडबैक पर वेबसाइट को अपग्रेड किया जाएगा। इस नई वेबसाइट से रेल से यात्रा करने वाले लोगों को फायदा होने की उम्मीद जताई जा रही है। दरअसल, ये वेबसाइट एक मिनट में 1.5 लाख टिकट बुक कर सकता है। सबसे बड़ी बात ये है कि इस नई वेबसाइट को बनाने में MNIT, जयपुर के छात्रों की मदद ली गई है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान जयपुर में छात्रों को संबोधित किया था। छात्रों के साथ संवाद के दौरान आईआरसीटीसी वेबसाइट के डिजाइन, टिकट बुकिंग और सिस्टम में आने वाली परेशानियों को लेकर चर्चा की गई। छात्रों ने वेबसाइट के यूजर इंटरफेस से जुड़ी दिक्कतों को मुख्य रूप से रेखांकित किया था।
IRCTC has launched the beta version of its new website today.
Read More: https://t.co/9TeYbrAs3k pic.twitter.com/ZeM3FPEWW7— Ministry of Railways (@RailMinIndia) July 15, 2026
रेल मंत्री के साथ संवाद के दौरान एक छात्रा ने बताया था, कि आईआरसीटीसी की वेबसाइट और ऐप अक्सर खराब रहते हैं। ओटीपी में देरी होती है। टिकट बुक करते-करते इतना देर हो जाता है, कि सेशन एक्सपायर हो जाता है। रेल मंत्री ने छात्रों के साथ वेबसाइट को दुरुस्त करने का वादा किया था। यह संवाद 12 जून 2026 को संस्थान में आयोजित किया गया था।
छात्रों के सुझावों को नए वेबसाइट का डिजाइन तैयार करते समय ध्यान में रखा गया। इतना ही नहीं, छात्रों को डिजाइन प्रक्रिया में शामिल भी किया गया। इस नए प्लेटफॉर्म का उद्देश्य टिकट बुकिंग प्रक्रिया को पहले से ज्यादा तेज, आसान और यूजर-फ्रेंडली बनाना है, ताकि भारतीय रेल में सफर करने वाले यात्रियों को स्मूद एक्सपीरियंस मिल सके।
रेल मंत्रालय के मुताबिक, नई वेबसाइट के डिजाइन में परिवर्तन किया गया है, ताकि यह पहले से ज्यादा क्लीन दिखे। रेलवे ने बीटा वर्जन में यात्रियों के टिकट बुकिंग अनुभव को शानदार बनाने के लिए 4 बड़े बदलाव किए हैं।
- कैप्चा को भरने की परेशानी से निजात– नई बीटा वेबसाइट में कैप्चा की परेशानी कम होगी जिससे टिकट जल्दी बुक होगा। तत्काल टिकट बुक करने में तो इससे काफी फायदा होगा।
- सभी क्लास की टिकट एक साथ दिखेगी– नई वेबसाइट में फर्स्ट क्लास से लेकर जनरल बोगी तक की टिकट एक ही जगह पर दिखने से टिकट की बुकिंग में आसानी होगी। क्योंकि सारे विकल्प एक साथ यूजर को दिखेंगे।
- IRCTC ने चेकआउट प्रक्रिया को आसान बना दिया– फास्ट चेकआउट होने से पहले टिकट बुक करने में जितनी प्रक्रियाओं से होकर गुजरना पड़ता था अब उसमें कमी आई है। कम स्टेप्स से झटपट बुकिंग का रास्ता खुल गया है।
- इजीअर रिपीट बुकिंग सिस्टम शुरू– जो यात्री अक्सर ट्रेन से सफर करते हैं उनके लिए इजीअर रिपीट बुकिंग सिस्टम शुरू किया गया है। यहाँ यात्री की सारी जानकारी सुरक्षित रहेंगी। इससे उन्हें दूसरी बार टिकट बुक करते समय नाम पता उम्र वगैरह लिखने के झंझट से मुक्ति मिलेगी।
पहले यात्रियों को अपनी विस्तृत जानकारी मैन्युअली भरनी पड़ती थी, लेकिन अब इसकी जरूरत ही नहीं है। दरअसल रेलवे सिर्फ बाहरी डिजाइन को ही नहीं बदल रहा, बल्कि बैकएंड सिस्टम में भी बदलाव कर रहा है। यही वजह है कि काफी पुराना पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन को भी अब अपग्रेड किया जा रहा है।
रेलवे ने साफ किया है कि बीटा वर्जन से यूजर का फीडबेक लेने के बाद अगले कुछ हफ्तों के भीतर पूरा सिस्टम बदल जाएगा और पूरा फंक्शनल पोर्टल सबसे लिए उपलब्ध हो जाएगा। यूजर से अनुरोध किया गया है, कि अगर कोई समस्या आए, तो तुरंत स्क्रीन शॉट लेकर रेलवे को भेजें।
