टीवी एक्ट्रेस उर्मिला सनावर, (फाइल चित्र)
अंकिता भंडारी हत्याकांड विवाद के बीच सहारनपुर निवासी अभिनेत्री उर्मिला सनावर को हरिद्वार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर ने पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप लगाए हैं।
हरिद्वार के एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया, कि दीपिका राठौर ने 24 अक्टूबर की रात कोतवाली रानीपुर में तहरीर दी थी। कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज करने के करीब 12 घंटे के भीतर सहारनपुर स्थित उनके घर से हिरासत में लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
जानकारी के मुताबिक, टिहरी विस्थापित कॉलोनी निवासी पीड़िता ने 24 अक्टूबर की रात कोतवाली रानीपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है, कि उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर अश्लील और मानहानिकारक टिप्पणियां की। साथ ही व्हाट्सएप कॉल कर रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम करने और पांच करोड़ रुपये देने की मांग की।
गौरतलब है, कि उर्मिला सनावर उस समय भी सुर्खियों में आई थी, जब उन्होंने नवंबर 2025 में सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर हरिद्वार की ज्वालापुर विधानसभा सीट से भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से मदद की गुहार भी लगाई थी।
वह सोशल मीडिया पर अपना नाम एक्ट्रेस उर्मिला सुरेश राठौर लिखती हैं और खुद को पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी बताती हैं। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड में कुछ सफेदपोशों और राजनेताओं के शामिल होने संबंधी दावे किए थे। उनके बयानों के बाद एसआईटी ने उन्हें पूछताछ के लिए समन भी भेजा था।
