रविता, मुस्कान और दामिनी जेल में रखेंगी व्रत, (फोटो साभार: अमर उजाला)
पति की हत्या के मामलों में मृत्युदंड की सजा पा चुकी मुस्कान और रविता ने जेल प्रशासन से अहोई अष्टमी का व्रत रखने की इच्छा जताई है। जेल प्रशासन के अनुसार, महिला बंदियों को धार्मिक आस्था के अनुरूप व्रत रखने और पूजा करने की अनुमति है और महिला बंदियां अपनी इच्छा से करवाचौथ और अहोई अष्टमी का व्रत रख सकती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पति की हत्या के मामलों में जेल में बंद तीन महिला बंदियों ने अहोई अष्टमी का व्रत रखने की इच्छा जताई है। इनमें नीला ड्रम कांड की दोषी मुस्कान, रविता और हस्तिनापुर में अपने पति अतुल पंवार की हत्या के मामले में जेल में बंद दामिनी शामिल है।
बताया जा रहा है, कि मेरठ के चर्चित नीले ड्रम वाले सौरभ राजपूत हत्याकांड में फांसी की सजा पाने वाली मुस्कान रस्तोगी चौधरी चरण सिंह जिला कारागार की सलाखों के पीछे अपनी दो बेटियों की लंबी आयु के लिए अहोई अष्टमी का व्रत रखेगी। वहीं अपने पति के बिस्तर पर सांप छोड़ने वाली रविता भी अपने बच्चों के लिए अहोई अष्टमी का व्रत रखेगी।
इसी क्रम में हस्तिनापुर में अपने पति अतुल पंवार की हत्या में जेल में बंद दामिनी ने भी अपने इकलौते बेटे के लिए अहोई अष्टमी का व्रत रखने की इच्छा जताई है। पति की हत्या करने वाली इन तीनों महिला बंदियों ने जेल प्रशासन से अहोई अष्टमी व्रत के लिए अनुमति मांगी है और पूजा सामग्री भी मुहैया कराने का आग्रह किया है।
वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा ने बताया कि महिला बंदियां अपनी इच्छा से करवाचौथ और अहोई अष्टमी का व्रत रख सकती हैं। मुस्कान, रविता और दामिनी ने एक नवंबर को अहोई अष्टमी का व्रत रखने के लिए अनुमति मांगी है। इन तीनों महिला बंदियों को पूजा सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वह व्रत रख सकें।
बता दें, कि मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में मार्च 2025, में मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर पति सौरभ की खौफनाक तरीके से न सिर्फ हत्या की थी, बल्कि उसके कई टुकड़े करके सीमेंट के घोल के साथ नीले ड्रम में भर दिए थे। हत्या करने के बाद दोनों हाथों की कलाइयां काट दी और सिर धड़ से काटकर अलग कर दिया था।
वहीं दूसरे चर्चित सर्पदंश हत्याकांड में 16 अक्टूबर 2026 को अदालत ने पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को मृत्युदंड की सजा सुनाई है। रविता ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की गला दबाकर हत्या कर दी। किसी को उन पर शक न हो, इसके लिए हत्यारों ने मृतक के शरीर पर जीवित साँप छोड़ दिया, जिसने उसे 10 बार डसा।
गौरतलब है, कि दामिनी पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति अतुल पंवार की हत्या का आरोप है। उसने प्रेमी की मदद से अतुल को जहरीले सांप से डंसवाया था। दामिनी का स्कूल के ड्राइवर तुषार से प्रेम प्रसंग चल रहा था। फिलहाल पूरे प्रकरण की जांच जारी है और आरोपों पर अंतिम फैसला अदालत द्वारा सुनवाई के बाद ही होगा।
