हेलीकॉप्टर की बौराड़ी स्टेडियम में आपातकालीन लैंडिंग, (फोटो साभार: ETVBharatUK)
नई टिहरी स्थित बौराड़ी स्टेडियम में शनिवार सुबह लगभग सात बजे ट्रांस भारत एविएशन के हेलीकॉप्टर ने इमरजेंसी लैंडिंग की। हालांकि, पायलट ने इसे प्रिकॉशनरी लैंडिंग बताया है। हेलीकॉप्टर मुंबई के पांच यात्रियों को लेकर देहरादून से केदारनाथ जा रहा था। बताया जा रहा है, कि हेलीकॉप्टर में कुछ तकनीकी खराबी आ गई थी।
हेलीकॉप्टर के पायलट ने बताया, ट्रांस भारत एविएशन के हेलीकॉप्टर ने आज सुबह देहरादून से केदारनाथ के लिए उड़ान भरी थी। जिसमें पायलट समेत 6 लोग सवार थे। तकनीकी खराबी दूर करने के बाद हेलीकॉप्टर ने करीब 30 से 35 मिनट बाद दोबारा उड़ान भरी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जिस समय हेलीकॉप्टर ने स्टेडियम में लैंडिंग की, उस समय मैदान में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मार्निंग वाक कर रहे थे। साथ ही कई बच्चे भी मैदान में खेल रहे थे। अचानक हेलीकॉप्टर को मैदान में उतरता देख वहां मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
नई टिहरी के बौराड़ी स्टेडियम में उतरा हेलीकॉप्टर
देहरादून से केदारनाथ जा रहे एक हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आने के बाद नई टिहरी के बौराड़ी स्टेडियम में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। हेलीकॉप्टर में उस समय 6 यात्री सवार थे। फॉल्ट ठीक होने के कुछ देर बाद हेलीकॉप्टर ने दोबारा उड़ान भरी और केदारनाथ के लिए रवाना हो गया
— Bhupi Panwar (@askbhupi) October 24, 2026
गनीमत रही, कि हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और न ही किसी के हताहत होने की सूचना है। जिला आपदा प्रंबधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने बताया, कि हेलीकप्टर में तकनीकी खराबी के चलते आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। पायलट सहित कुल छह लोग सवार थे। सभी सुरक्षित हैं।
