सांकेतिक चित्र, (फोटो साभार: canva.com)
देहरादून के डालनवाला स्थित समर वैली स्कूल में 11वीं की छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया, कि जांच के लिए महिला अधिकारी को नियुक्त किया गया है। बताया जा रहा है, कि चाइल्ड वेलफेयर कमेटी द्वारा छात्रा को समझाए जाने के बाद पीड़िता ने पुलिस में तहरीर दी है।
सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी ने बताया, कि, मामला संज्ञान में आने के बाद चाइल्ड वेलफेयर कमेटी की ओर से बच्चों और उनके अभिभावक से संपर्क किया गया। हालांकि, सामाजिक मर्यादा को देखते हुए बच्चे पहले सामने नहीं आ रहे थे, लेकिन जब वेलफेयर कमेटी की ओर से उनको समझाया गया, फिर उन्होंने तहरीर दी है।
तहरीर के आधार पर पुलिस प्रशासन द्वारा सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज की जा रही है। वहीं स्कूल में छात्राओं से छेड़छाड़ और बदसलूकी के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। स्कूल का गेट नहीं खोले जाने पर कार्यकर्ता गेट पर चढ़कर दूसरी ओर कूद गए।
बता दें, कि छात्रा से छेड़छाड़ मामले को लेकर शुक्रवार को स्कूल में खूब हंगामा हुआ। छात्रा की मां ने स्कूल के भौतिक विज्ञान के शिक्षक पर करीब डेढ़ माह से बेटी को परेशान करने और गलत तरीके से छूने का आरोप लगाया।
पीड़िता की मां के अनुसार, उन्होंने 15 अक्टूबर को प्रधानाचार्य को लिखित शिकायत दी थी, जिस पर उनकी बेटी समेत 15 छात्राओं के हस्ताक्षर थे। उन्होंने बताया, शिकायत के बावजूद आरोपी शिक्षक पर कोई एक्शन नहीं लिया गया। उल्टा स्कूल प्रबंधन ने उनकी बेटी पर दबाव बना मामला रफा दफा करने का प्रयास किया।
उन्होंने मामले में आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई और स्कूल प्रबंधन से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।परिजनों का आरोप है, कि छात्राओं की शिकायत को गंभीरता से सुनने और उचित कार्रवाई करने के बजाय उनके साथ असंवेदनशील व्यवहार किया गया।
