दून पुलिस ने सुलझाई लावारिश लाश की गुत्थी, (फोटो साभार: (X@ETVBharatUK)
देहरादून स्थित पटेलनगर के सेवला खुर्द में सड़क किनारे मिले अज्ञात युवक के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। आरोप है, कि लूटपाट की कोशिश के दौरान आरोपितों ने मारपीट कर युवक को सड़क पर धक्का दिया था। धक्का देने और मारपीट के कारण आई अंदरूनी चोटों के कारण युवक ने मौके पर दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर की सुबह सेवला खुर्द में राजा-रानी वेडिंग प्वाइंट के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। शुरुआती जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार 72 घंटे तक शिनाख्त का इंतजार किया। पहचान नहीं होने पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
जांच के दौरान घटनास्थल पर मौजूद सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर खुलासा हुआ, कि 19 अक्टूबर की रात करीब 10:56 बजे तीन व्यक्ति सड़क पर साथ जाते नजर आ रहे है। इस बीच एक व्यक्ति ने अपने साथ चल रहे युवक को जोर से धक्का दे दिया।
इसके बाद धक्का देने वाले व्यक्ति ने उसके साथ मारपीट की, जबकि दूसरा साथी पास में खड़ा रहा। दोनों कुछ देर बाद युवक को वहीं छोड़कर चले गए। थोड़ी देर बाद लौटकर उन्होंने युवक को हिलाया-डुलाया, लेकिन फिर वहां से निकल गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो घटना की कड़ियां सामने आने लगी। पुलिस ने तफ्तीश के दौरान करीब 100 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की।
इसके बाद उपलब्ध जानकारी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने अशरफ उर्फ काला और सफदर को पटेलनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपितों ने बताया, कि वे नशे के आदी हैं और शराब के ठेकों के आसपास घूमकर अत्यधिक नशे में जा रहे लोगों को निशाना बनाते थे।
आरोपितों के मुताबिक, वे नशे में धूत व्यक्तियों का पीछा कर सुनसान जगह पर उनसे पैसे और अन्य सामान छीनने की कोशिश करते थे। कोतवाली पटेलनगर प्रभारी नरेश राठौर ने बताया, कि 19 अक्टूबर की रात आरोपित आईएसबीटी क्षेत्र में शराब के ठेके के पास मौजूद थे। इस दौरान उन्हें एक युवक अत्यधिक नशे में जाता दिखाई दिया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों ने युवक का पीछा किया और सेवला खुर्द क्षेत्र में सुनसान जगह देखकर उसके साथ मारपीट कर 600 रुपये छीन लिए गये थे। धक्का लगने से युवक सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया। कुछ देर बाद वापस लौटने पर उन्हें व्यक्ति की मौत होने का पता चला, जिसके बाद वे मौके से फरार हो गए।
