आरोपित विक्रांत कुमार उर्फ विक्की तोमर गिरफ्तार, (फोटो साभार: @timesofindia/AI)
दिल्ली पुलिस की साइबर पुलिस ने निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर महिला कांस्टेबल से करीब 24 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी विक्रांत कुमार उर्फ विक्की तोमर के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपित विक्रांत कुमार उर्फ विक्की तोमर ने खुद को क्रिकेट जगत की हस्ती बताकर महिला को निवेश पर मोटे मुनाफे का झांसा दिया था। ठगी के लिए महिला ने पर्सनल लोन और दोस्तों से उधार लेकर पैसे दिए थे। आरोपी ने ठगी के साथ-साथ महिला के साथ मारपीट और छेड़छाड़ भी की थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपित ने दिल्ली पुलिस की एक ही बैच की 20 से ज्यादा महिला सिपाहियों से ठगी की है। आरोपी सोशल मीडिया पर अमीर कारोबारी बनकर महिलाओं को फंसाता था। आरोपित की ‘लिव-इन पार्टनर’ खुद दिल्ली पुलिस में महिला कॉन्स्टेबल है।
23 साल की उम्र में 20 महिला कांस्टेबलों से लाखों की ठगी, 23 साल का लड़का अरेस्ट
◆ आरोपी विक्रांत तोमर महिला पुलिसकर्मियों को शादी करने का झांसा देता था
◆ विक्रांत इंस्टाग्राम पर खुद को अमीर कारोबारी बताकर महिला कांस्टेबलों को अपने जाल में फंसाता था।
#VikrantTomar | Vikrant Tomar
— News24 (@news24tvchannel) October 24, 2026
बताया जा रहा, कि वह अब तक 70 लाख से एक करोड़ रुपये से ज्यादा महिला सिपाहियों से ठग चुका है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, आरोपित ने महिला सिपाही से इंस्टाग्राम पर संपर्क किया था। उसने खुद को दिल्ली पुलिस में स्पोर्ट्स कोटे के तहत भर्ती होने का इच्छुक बताकर उनसे मार्गदर्शन मांगा।
इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे वाट्सएप तक पहुंच गई। आरोप है, कि विक्रांत ने महिला सिपाही का भरोसा जीतने के लिए खुद को क्रिकेट जगत की एक जानी-मानी हस्ती के रूप में पेश किया और निवेश के जरिये भारी मुनाफा कमाने का झांसा दिया।
आरोपित की बातों में आकर सिपाही ने अपने एक्सिस बैंक खाते में जमा बचत की रकम ट्रांसफर कर दी। इसके बाद पीड़िता ने निवेश के नाम पर और पैसे की मांग होने पर उन्होंने 12 लाख रुपये का पर्सनल बैंक लोन लिया। इतना ही नहीं, महिला सिपाही ने अपने परिचितों से भी रुपये उधार लेकर आरोपित को दिए।
इस तरह उनके साथ करीब 24 लाख रुपये की ठगी हुई। आरोपित के बैंक अकाउंट की जांच में खुलासा हुआ है, कि महिला पुलिसकर्मियों की कमाई और लोन से ठगी गई रकम को वह अय्याशी और ऑनलाइन सट्टेबाजी में पानी की तरह बहा रहा था। वह दिल्ली-एनसीआर में रोजाना हजारों रुपये किराये पर लग्जरी गाड़ियां लेता था।
इसके बाद महंगी लाइफ स्टाइल की रील और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करता था। हैरानी की बात यह है कि वह एक ही किराये की कार में अलग-अलग महिला कांस्टेबलों को घुमाता था । यहां तक कि वह कई बार एक महिला कांस्टेबल से ही दूसरी महिला को घुमाने का खर्च भी अलग-अलग बहाने बनाकर वसूल लेता था।
आरोपित विक्रांत कुमार उर्फ विक्की तोमर की फर्जी चकाचौंध को देखकर कई महिला पुलिसकर्मी उसके जाल में फंसती चली गईं। उसने पीड़ित कॉन्स्टेबल की तरह ही कई अन्य महिला पुलिसकर्मियों से भी पहले खेल कोटे से भर्ती का रास्ता पूछा, फिर नजदीकियां बढ़ाकर कई महिला कॉन्स्टेबल को शादी का झांसा दिया।
डीसीपी रोहित राजबीर सिंह के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। ठगी का यह नेटवर्क देशव्यापी भी हो सकता है। जांच टीमें इस बात की तफ्तीश कर रही हैं, कि पीड़ित कॉन्स्टेबलों की तरह उसने अन्य राज्यों की महिला पुलिसकर्मियों को भी तो अपना शिकार नहीं बनाया है।
