पश्चिम बंगाल में दिखा PM मोदी का दिलचस्प अंदाज, (फोटो साभार: ANI)
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (19 अप्रैल 2026) को पुरुलिया, झाड़ग्राम, मेदिनीपुर और बिष्णुपुर में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। सियासी रैलियों के शोर और सुरक्षा के कड़े घेरों के बीच पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम में पीएम मोदी की एक बेहद दिलचस्प वीडियो देखने को मिली।
सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मोदी का यह अंदाज तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, चुनावी जनसभा को संबोधित कर लौट रहे पीएम मोदी ने अपने काफिले को अचानक सड़क किनारे एक झालमुड़ी की दुकान पर रुकवा दिया। काफिला रुकते ही वहां अचानक लोगों की भारी भीड़ जुट गई और मौके पर मौजूद लोग जय श्री राम के नारे लगाने लगे।
इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी झालमुड़ी की दुकान पर गए। दुकान में उन्होंने झालमुड़ी बनवाया और मौके पर जुटे कुछ बच्चों को खिलाया, साथ ही खुद भी झालमुड़ी का आनंद लिया। पीएम मोदी ने एक्स अकाउंट पर झालमुड़ी की दुकान पर रुकने की तस्वीरें साझा की है। उन्होंने लिखा, “रविवार को बंगाल की चार रैलियों के बीच बंगाल के झाड़ग्राम में झालमुड़ी का आनंद लेते हुए।”
In between four rallies across West Bengal on a packed Sunday, had some delicious Jhalmuri in Jhargram. pic.twitter.com/NEKLm5R0mE
— Narendra Modi (@narendramodi) April 19, 2026
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है, कि झालमुड़ी का लुत्फ उठाने के बाद प्रधानमंत्री अपनी जेब से तीन-चार नोट निकालते है। इसके बाद पीएम मोदी ने बड़ी सहजता से 10 रुपये का नोट निकाला और दुकानदार को थमा दिया। वहीं दुकानदार, जो प्रधानमंत्री को साक्षात अपने सामने देखकर दंग था, उसने पैसे लेने से मना करते हुए कहा, ‘सर, आप यहां आए यही काफी है।’
जब दुकानदार ने पैसे लेने में संकोच किया, तो पीएम मोदी ने उसे डांटने के अंदाज में प्यार से कहा,”नहीं भाई, ऐसा नहीं होता।” वहीं बार-बार मना करने पर प्रधानमंत्री ने अपने चिर-परिचित मजाकिया अंदाज में कहा, ‘दिमाग नहीं खाते भाई, पैसे लो।’ उनकी यह बात सुनकर वहां मौजूद लोग और सुरक्षाकर्मी अपनी हंसी नहीं रोक पाए। अंत में दुकानदार को प्रधानमंत्री से वह 10 रुपये लेने ही पड़े।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, मूल रूप से बिहार के गया जिले के रहने वाले विक्रम साहू पिछले 12 वर्षों से झाड़ग्राम में अपनी दुकान चला रहे हैं। उनके लिए यह किसी सपने जैसा था। विक्रम ने बताया, कि प्रधानमंत्री ने गाड़ी से उतरकर सीधे उनकी दुकान का रुख किया और सहज भाव से कहा, कि बढ़िया झालमुड़ी बनाओ।
विक्रम साहू की दुकान का नाम ‘स्वपनलाल स्पेशल मुड़ी’ है और यह राज कॉलेज मोड़ पर स्थित है। बिना किसी पूर्व सूचना या प्रोटोकॉल के पीएम का इस तरह एक आम दुकानदार के पास पहुंचना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। झालमुड़ी का आनंद लेने के बाद पीएम मोदी का काफिला चॉपर की ओर रवाना हो गया, लेकिन पीछे छोड़ गया एक ऐसा किस्सा जिसे झाड़ग्राम के लोग लंबे समय तक याद रखेंगे।
गौरतलब है, कि झाड़ग्राम की यह छोटी सी दुकान अब इलाके में मशहूर हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘झालमुड़ी ब्रेक’ ने न केवल स्थानीय जायके को प्रमोट किया, बल्कि यह भी दिखा दिया कि सत्ता के शिखर पर बैठने के बाद भी वे अपनी जड़ों और सामान्य शिष्टाचार को नहीं भूले हैं।
