नैनीताल में फर्जी 'मेजर' गिरफ्तार, (फोटो साभार: X@nainitalpolice_)
नैनीताल जिले के काठगोदाम क्षेत्र में भारतीय सेना की वर्दी पहनकर स्वयं को मेजर बताने वाले एक संदिग्ध युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ काठगोदाम थाने में मुकदमा करते हुए पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, बीती 18 अप्रैल को वॉक वे मॉल के नजदीक मेजर अजय पाठक ने एक संदिग्ध युवक को आर्मी की वर्दी में घूमते हुए देखा। मौके पर पूछताछ के दौरान उसने खुद को ‘मेजर अमन’ बताया, लेकिन उसकी वर्दी पहनने की शैली और गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हो रही थी। इस पर मेजर पाठक ने तत्काल पुलिस को इस मामले की सूचना दी।
👮♂️ डॉ मंजूनाथ टीसी, एसएसपी नैनीताल, के निर्देशन में बड़ी कार्यवाही
फर्जी ‘आर्मी मेजर’ बनकर घूम रहा युवक गिरफ्तार, वर्दी के दुरुपयोग पर पुलिस का कड़ा एक्शन@uttarakhandcops pic.twitter.com/lTFhXiRBr5
— Nainital Police Uttarakhand (@nainitalpolice_) April 19, 2026
वहीं, सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक से पूछताछ की, लेकिन वो कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दे सका। इसके बाद उसे थाना काठगोदाम लाया गया। जहां नैनीताल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी की पहचान अमन उर्फ अमन रोमसन के रूप में हुई है, जो उधम सिंह नगर के खटीमा का रहने वाला है।
बताया जा रहा है, कि पुलिस के साथ ही आर्मी इंटेलिजेंस यूनिट और सीएमपी की ओर से भी आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया, कि उसे सेना के प्रति काफी आकर्षण है और भर्ती में असफल रहने के कारण उसने आर्मी की वर्दी पहन ली। वर्तमान में आरोपी काठगोदाम क्षेत्र में कार्यरत है।
वहीं इससे पहले नैनीताल एसएसपी मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर हल्द्वानी पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार कत्याल और सीओ अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में युवक को पूछताछ के लिए थाना काठगोदाम लाया गया। प्रथम दृष्टया सेना की वर्दी का दुरुपयोग एवं संदिग्ध गतिविधियों के मद्देनजर मेजर अजय पाठक की लिखित तहरीर के आधार पर युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
