CM धामी ने गंगोत्री धाम में पूजा अर्चना की
अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर रविवार (19 अप्रैल 2026) को श्री गंगोत्री धाम और श्री यमुनोत्री धाम के कपाट वैदिक मंत्रोच्चारण और पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। इसके साथ ही उत्तराखंड की चारधाम यात्रा 2026 का भी शुभारंभ हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं इस दिव्य पल के साक्षी बने।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगोत्री धाम में कपाटोद्घाटन समारोह में संकल्प लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से पहली पूजा की और चारधाम यात्रा के सफल आयोजन तथा देश-प्रदेश की सुख समृद्धि एवं खुशहाली की मंगल कामना की है।
जय मां गंगे !
हर-हर गंगे !आज पावन अक्षय तृतीया के अवसर पर श्री गंगोत्री धाम के कपाट विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इस पावन क्षण का साक्षी बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
कपाटोद्घाटन के उपरांत श्री गंगोत्री धाम में प्रथम पूजा संकल्प लेकर आदरणीय प्रधानमंत्री श्री… pic.twitter.com/9KaFEQNN2E
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) April 19, 2026
धार्मिक परंपराओं के अनुसार आज मां गंगा की उत्सव डोली भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर से चलकर गंगोत्री धाम पहुंची। गंगोत्री धाम में विशेष पूजा-अभिषेक के साथ दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर गंगोत्री मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए।
गंगोत्री धाम के कपाटोद्घाटन समारोह में प्रतिभाग करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मॉं गंगा के मंदिर में शीश नवाया और विशेष पूजा-अर्चना कर देव डोली से आशीष भी प्राप्त किया। इस अवसर पर सीएम धामी ने कहा, कि पावन अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो चुका है।
सीएम धामी ने कहा, कि उत्तराखंड के चारधाम देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आस्था के प्रमुख केन्द्र हैं और इन दिव्य धामों के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त करने की इच्छा हर श्रद्धालु के हृदय में रहती है।
उन्होंने कहा, कि सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम चारधाम यात्रा के लिए राज्य सरकार द्वारा व्यापक और सुदृढ़ व्यवस्थाएँ की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रयास किए गए हैं। साथ ही, यात्रा मार्गों पर सुचारु यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा, कि राज्य सरकार का प्रयास है, कि देवभूमि उत्तराखंड में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को दिव्य धामों का आशीर्वाद प्राप्त होने के साथ-साथ यात्रा का एक सुखद, सुरक्षित और अविस्मरणीय अनुभव मिले। सीएम धामी ने सभी श्रद्धालुओं से ग्रीन और क्लीन चारधाम यात्रा के सफल आयोजन हेतु सहयोग की अपील करते हुए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग रहने का आग्रह भी किया।
बता दें, कि पहले ही दिन हजारों तीर्थ यात्रियों ने जय मां गंगे के जयकारों के साथ गंगोत्री धाम पहुंचकर गंगा जी के दर्शन और पूजा-अर्चना का पुण्य लाभ अर्जित किया। वहीं, मां गंगा के गंगोत्री धाम में कपाट खुलने के बाद यमुनोत्री धाम में यमुना जी के कपाट छह माह के लिए आज 19 अप्रैल की दोपहर 12 बजकर 35 मिनट पर खोल दिए गए है। अब श्रद्धालु यमुना जी के छह माह यमुनोत्री धाम में दर्शन कर पाएंगे।
