(सांकेतिक चित्र)
रामनगर के सांवाल्दें क्षेत्र स्थित रिजॉर्ट में मैनेजमेंट की लापरवाही के कारण चार वर्षीय मासूम बच्ची की स्विमिंग पूल में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं इस घटना के बाद रिसॉर्ट प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली निवासी सीता राम जांगिड़ अपने परिवार के साथ रामनगर घूमने आए हुए थे। परिवार सांवाल्दें स्थित एक रिसॉर्ट में ठहरा हुआ था। बताया जा रहा है, कि 4 वर्षीय बालिका अपने भाई के साथ रिसॉर्ट के स्विमिंग पूल में नहा रही थी। इसी दौरान अचानक वह गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी।
हादसे के समय माता-पिता पूल से करीब 100 मीटर की दूरी पर मौजूद थे। जब उन्हें बच्ची के डूबने की जानकारी मिली, तो उन्होंने तुरंत उसे पानी से बाहर निकाला। इसके बाद माता-पिता बच्ची को लेकर आनन-फानन में रामनगर स्थित संयुक्त चिकित्सालय पहुंचे।
अस्पताल में चिकित्सक डॉ. हिमांशु ने बताया, कि बच्ची को अस्पताल लाया गया था, लेकिन जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। डॉक्टर के अनुसार, परिजनों ने बताया, कि बच्ची स्विमिंग पूल में नहाते समय डूब गई थी।
इस दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है, कि रिसॉर्ट के स्विमिंग पूल के पास पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है, कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और क्या रिसॉर्ट प्रबंधन की ओर से सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था।
