सम्राट चौधरी (फोटो साभार :अमर उजाला)
बिहार में नीतीश कुमार के त्याग पत्र के बाद भाजपा के युवा नेता सम्राट चौधरी प्रदेश के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। मंगलवार (14 अप्रैल 2026) को पटना में हुई बीजेपी विधानमंडल दल की बैठक में सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुना गया है। सम्राट चौधरी बुधवार (15 अप्रैल 2026) को राज्य के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे।
बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा द्वारा राज्य के मुख्यमंत्री पद के लिए सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा था, जिसका बैठक में उपस्थित सभी विधायकों ने समर्थन किया। वहीं सम्राट चौधरी ने सीएम पद के लिए अपने नाम के ऐलान के बाद सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, कि यह उनके लिए पद नहीं बल्कि एक अवसर है। उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व का आभार भी जताया है।
सम्राट चौधरी ने एक्स पोस्ट में लिखा, “यह मेरे लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि बिहार की जनता की सेवा, उनके विश्वास और सपनों को साकार करने का एक पवित्र अवसर है। मैं पूर्ण निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ जन-जन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प लेता हूँ। आप सभी का स्नेह, आशीर्वाद और सहयोग ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति है।”
भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा मुझ पर विश्वास जताते हुए #भाजपा_बिहार_विधानमंडल_दल के #नेता का दायित्व सौंपने पर हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।
यह मेरे लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि बिहार की जनता की सेवा, उनके विश्वास और सपनों को साकार करने का एक पवित्र अवसर है। मैं… pic.twitter.com/s4w1rlR2DU
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) April 14, 2026
वहीं इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यपाल से भेंट कर उन्हें अपना इस्तीफा सौंपा था। दो दशकों से ज्यादा बिहार के मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार ने अपने त्याग पत्र के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक विदाई संदेश भी पोस्ट किया।
आप जानते हैं कि 24 नवंबर, 2005 को राज्य में पहली बार एन०डी०ए० सरकार बनी थी। तब से राज्य में कानून का राज है और हम लगातार विकास के काम में लगे हुए हैं। सरकार ने शुरू से ही सभी तबकों का विकास किया है चाहे हिंदू हो, मुस्लिम हो, अपर कास्ट हो, पिछड़ा हो, अति पिछड़ा हो, दलित हो,…
— Nitish Kumar (@NitishKumar) April 14, 2026
नीतीश कुमार ने लिखा, “24 नवंबर, 2005 को राज्य में पहली बार एनडीए सरकार बनी थी। तब से राज्य में कानून का राज है और हम लगातार विकास के काम में लगे हुए हैं। सरकार ने शुरू से ही सभी तबकों का विकास किया है, चाहे हिंदू हो, मुस्लिम हो, अपर कास्ट हो, पिछड़ा हो, अति पिछड़ा हो, दलित हो, महादलित हो- सभी के लिए काम किया गया है।”
उन्होंने लिखा, “हर क्षेत्र में काम हुआ है चाहे शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो, सड़क हो, बिजली हो, कृषि हो। महिलाओं एवं युवाओं के लिए भी बहुत काम किया गया है। इन दिनों काम को और आगे बढ़ाया गया है। अगले पाँच वर्षों यानि 2025 से 2030 के लिए 7 निश्चय-3 का गठन किया गया है। इससे और ज्यादा काम होगा जिससे बिहार काफी आगे बढ़ेगा।”
अपने विदाई संदेश में नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री को ‘नमन’ करते हुए लिखा, “बिहार के विकास में केंद्र का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। इसके लिए आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का नमन करते हैं। बिहार और तेजी से विकसित होगा और देश के टॉप राज्यों में शामिल हो जाएगा तथा देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देगा।”
उन्होंने कहा, कि हमने बिहार के लोगों के लिए बहुत काम किया है। इतने दिनों से हमने लगातार लोगों की सेवा की है। अब नई सरकार यहाँ का काम देखेगी। नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा।
