पीएम मोदी (चित्र साभार: X_NarendraModi) फाइल फोटो
देश के विभिन्न हिस्सों में इन दिनों सूरज आसमान से आग उगल रहा है। भीषण गर्मी और हीट वेव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रचंड गर्मी के सख्त तेवरों के चलते कई क्षेत्रों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। इस बीच प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को बढ़ती गर्मी को लेकर चिंता जताते हुए लोगों से सतर्क रहने और एक-दूसरे की सहायता करने की अपील की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, कि बढ़ते तापमान के कारण दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है, ऐसे में सभी लोगों को अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने लोगों से पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, शरीर को हाइड्रेटेड रखने और घर से बाहर निकलते समय पानी साथ रखने की सलाह दी।
उन्होंने कहा, कि इस कठिन मौसम में संवेदनशीलता और मानवीय सहयोग भी महत्वपूर्ण है। यदि संभव हो तो किसी प्यासे व्यक्ति को एक गिलास पानी जरूर दें। साथ ही उन्होंने उन लोगों की सराहना की, जो अपने घरों और दुकानों के बाहर मटके या पानी की व्यवस्था करते हैं ताकि जरूरतमंद लोग अपनी प्यास बुझा सकें।
भारत में बढ़ते तापमान को देखते हुए प्रधानमंत्री ने नागरिकों से अधिकतम सावधानी बरतने का आग्रह किया है। पीएम मोदी ने बुजुर्गों की देखभाल पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने लोगों से अपने माता-पिता, दादा-दादी, नाना-नानी और अन्य प्रियजनों का हालचाल लेने की अपील करते हुए कहा, कि उन्हें पर्याप्त पानी पीने, दोपहर की तेज धूप से बचने और अधिक से अधिक आराम करने की सलाह दें।
जब भी संभव हो, अपने माता-पिता, दादा-दादी, नाना-नानी और अन्य प्रियजनों को फोन कर उनका हालचाल अवश्य पूछें। उन्हें पर्याप्त पानी पीने, दोपहर की तेज धूप में बाहर न निकलने और जितना हो सके, आराम करने की सलाह दें।
— Narendra Modi (@narendramodi) May 27, 2026
इसके अलावा पीएम मोदी ने पशु-पक्षियों के प्रति भी संवेदनशीलता दिखाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, कि घर, बालकनी, छत, दुकान या कार्यालय के बाहर पानी से भरा एक छोटा बर्तन रखना भी किसी प्यासे पक्षी के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है। प्रधानमंत्री ने कहा, कि इस भीषण गर्मी के दौरान सभी को संवेदनशीलता और करुणा के साथ एक-दूसरे तथा जीव-जंतुओं का ध्यान रखना चाहिए।
गौरतलब है, कि देश में 25 जून से शुरू हुए नौतपा ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। नौतपा की शुरुआत के साथ ही देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाएं तापमान को बढ़ा दे रही हैं। तापमान लगातार बढ़ने की वजह से लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
