सांकेतिक चित्र, (फोटो साभार: canva.com)
हरिद्वार जिले में बाल विवाह से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। मंगलौर क्षेत्र में एक 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची की चोरी-छिपे शादी करा दी गई। किशोरी के गर्भवती होने पर इस पूरे मामले का खुलासा हुआ। मामले की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने परिजनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में एक नाबालिग की जबरन शादी करा दी गई। सबसे हैरानी की बात यह रही कि लड़की के नाबालिग होने की जानकारी दूल्हे और दोनों परिवारों को पहले से थी। शादी के बाद जब नाबालिग प्रेग्नेंट हुई, तो मामले का खुलासा हुआ। बताया जा रहा है, कि किशोरी की तबीयत बिगड़ने पर ससुराल पक्ष के लोग उसको अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में किशोरी के गर्भवती होने की पुष्टि हुई। जब अस्पताल प्रबंधन ने ससुराल पक्ष से दस्तावेज मांगे, तो जानकारी सामने आई, कि वर्तमान में नाबालिग की उम्र लगभग 14 साल है। जिसके बाद अस्पताल प्रबंधन भी सकते में आ गया। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस जांच में नाबालिग की जबरन शादी कराए जाने का खुलासा हुआ है।
जिसके बाद मंगलौर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पति, ससुराल और मायके पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं बाल विवाह जैसी कुप्रथा का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई है। इतना ही नहीं, रिश्तेदारों ने भी इस मामले की जानकारी पुलिस या प्रशासन को नहीं दी।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया, कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच पड़ताल कराई जा रही है। मामले में जिस किसी की भी भूमिका घटनाक्रम में सामने आएगी, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी हुई है, कि आखिर इतनी कम उम्र में शादी कैसे और कब कराई गई। साथ ही इस पूरे मामले में कौन-कौन शामिल था।
