बंगाल के कृष्णानगर में PM मोदी ने विशाल जनसभा को किया, (चित्र साभार: YT/NarendraModi)
पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान के लिए भाजपा ने चुनाव प्रचार अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (23 अप्रैल 2026) को कृष्णानगर में विशाल जनसभा को संबोधित किया। विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने टीएमसी सरकार पर हिंसा, भ्रष्टाचार और ‘सिंडिकेट राज’ के आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, कि 15 साल पहले बंगाल की जनता ने वामदलों के खिलाफ बिगुल फूँका था। आज वही जनता जनार्दन तृणमूल कांग्रेस के गुंडाराज के खिलाफ शंख फूँक रही है। प्रधानमंत्री ने कहा, “बंगाल से मिली जानकारियां संकेत दे रही हैं कि हवा बदल रही है, जहां भी मतदान अधिक हुआ, भाजपा को जीत मिली।”
#WATCH | Nadia, West Bengal: Prime Minister Narendra Modi says, "…We have observed in the past that wherever the country has witnessed a massive voter turnout, the BJP has achieved a resounding victory… On May 4th, the victory celebrations for the BJP will take place in… pic.twitter.com/5DsmhA5eFB
— ANI (@ANI) April 23, 2026
पीएम मोदी ने टीएमसी सरकार पर तंज कसते हुए कहा, “झालमुड़ी मैंने खाई है पर मिर्ची टीएमसी को लग रही है।” उन्होंने कहा, कि चार मई को मिठाई भी बंटेगी और झालमुड़ी भी बाँटी जाएगी। प्रधानमंत्री ने कहा, “मैंने सुना है, कि झालमुड़ी ने कुछ लोगों को झन्नाटेदार झटका दिया है। मैंने झालमुड़ी खाई है लेकिन झाल टीएमसी को लगा है।”
चुनावी हिंसा का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, कि पिछले 50 वर्षों में यह पहला चुनाव है जिसमें हिंसा काफी कम देखने को मिली है। उन्होंने इसे चुनाव आयोग की बड़ी सफलता बताया।। जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंच से 10 गारंटियाँ का ऐलान भी किया।
उन्होंने कहा, कि पहली गारंटी बंगाल में बहन-बेटियों पर अत्याचार करने वालों को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी हर ब्लॉक में महिला थाने बनेंगे और सड़कों पर सुरक्षा के लिए विशेष दस्ते बनाए जाएंगे। दूसरी गारंटी बंगाल पुलिस में बेटियों की बड़े पैमाने पर भर्ती की जाएगी। तीसरी गारंटी पश्चिम बंगाल की नारी शक्ति को एक साल में 36 हजार रुपये सीधे महिलाओं के खाते में भेजे जाएंगे।
चौथी गारंटी बंगाल की बीजेपी सरकार बेटियों के ग्रेजुएशन के लिए ₹50,000 की मदद देगी। पांचवीं गारंटी बंगाल की गर्भवती महिलाओं को ₹21,000 की आर्थिक सहायता देगी। छठी गारंटी शिशुओं के पोषण के लिए ₹36,000 अतिरिक्त दिए जाएंगे। सातवीं गारंटी बेटियों का भविष्य सुरक्षित करने के लिए सुकन्या योजना लागू की जाएगी जिसमें सबसे ज्यादा ब्याज राशि मिलेगी।
आठवीं गारंटी महिलाओं को स्वरोजगार के लिए ₹20 लाख तक का लोन मुद्रा योजना के तहत दिया जाएगा। साथ ही महिलाओं को लखपति दीदी बनाने में मदद दी जाएगी। नौवीं गारंटी आयुष्मान योजना के तहत पाँच लाख रुपए तक का इलाज दिया जाएगा, सर्वाइकल कैंसर के लिए जाँच और मुफ्त टीका बेटियों को मिलेगा।
दसवीं गारंटी बंगाल की महिलाओं के नाम पर घर की रजिस्ट्री होगी पीएम आवास योजना के तहत डेढ़ लाख रुपये सीधे बैंक में जमा किए जाएंगे। पीएम मोदी ने अंत में कहा, कि ये मोदी की गारंटी है। मोदी की गारंटी मतलब गारंटी के पूरा होने की गारंटी है।
