सांकेतिक चित्र, (फोटो साभार: canva.com)
हरिद्वार जिले में कम दहेज लाने पर महिला पर पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है, कि जब आरोपी इसमें कामयाब नहीं हो पाया, तो उसने अपनी पत्नी को तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। पीड़ित महिला की तहरीर पर पुलिस ने मुख्य आरोपी सद्दाम समेत 9 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, झबरेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम कोटवाल आलमपुर निवासी शना का निकाह 12 फरवरी 2023 को सद्दाम के साथ हुआ था। पीड़िता के पिता गुलशेर अली ने बताया, कि उन्होंने सामर्थ्य से बढ़कर बेटी की शादी में लगभग 40 लाख रुपये खर्च किए थे। जिसमें चार लाख नकद और सोने-चांदी के जेवर शामिल थे। इसके बावजूद भी ससुराल पक्ष की मांगें खत्म नहीं हुईं।
आरोप है, कि निकाह के कुछ समय बाद ही पति सद्दाम, सास मोहसीना, ससुर इसरार और अन्य स्वजनों ने एक कार और 10 लाख रुपये नगद की अतिरिक्त मांग शुरू कर दी। पीड़िता का आरोप है, कि वर्ष 2025 के सितंबर माह में बेटी के जन्म के बाद उसके ससुराल वालों का व्यवहार और अधिक क्रूर हो गया। रमजान के महीने में भी पीड़िता को भूखा-प्यासा रखकर उसके साथ मारपीट की गई।
पीड़िता के पिता ने पुलिस को बताया, कि बीते शुक्रवार 17 अप्रैल को बेटी के ससुराल वालों ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए उसे लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा और उसके ऊपर पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने का प्रयास किया। इस दौरान महिला ने किसी प्रकार भागकर खुद को कमरे में बंद किया और अपने घरवालों को पूरी घटना की जानकारी दी।
वहीं जब पीड़िता के माता-पिता और मामा बेटी के ससुराल पहुंचे, तो आरोपितों ने उन्हें भी बंधक बनाकर जमकर पीटा। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद उनकी जान बच सकी। आरोप है, कि इसी दौरान शौहर सद्दाम ने उसको तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया और दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने अपने घायल मामा के साथ रुड़की के सरकारी अस्पताल में मेडिकल कराया और थाने में तहरीर दी।
झबरेड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया, कि फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। तहरीर के आधार पर सद्दाम, मोहसीना, इसरार, मुनीर, बाजीन, अनीस, नबील, फरमान और अलतमस के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
