सांकेतिक चित्र
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में घरेलू विवाद का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को चौंका दिया। दरअसल, पति ने पत्नी पर आरोप लगाया है, कि उसकी पत्नी अपने बॉयफ्रेंड को घर में साथ रखना चाहती है। विरोध करने पर वह पति को जान से मारने की धमकी देकर घर में रखे सोने-चांदी के जेवर, नगदी लेकर गायब हो गई।
जानकारी के अनुसार, ग्वालियर स्थित सिकंदर कम्पू क्षेत्र में रहने वाले राजकुमार कुशवाह ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दी, कि वर्ष 2008 में उसकी पूनम नाम की युवती से शादी हुई थी। शादी के बाद तीन बेटी और एक बेटे का जन्म हुआ। पति का कहना है, कि उसकी पत्नी किसी दूसरे युवक के चक्कर मे घर को बर्बाद कर रही है।
पीड़ित पति के अनुसार, उसकी पत्नी 22 जनवरी 2026 को घर से बिना बताए कहीं चली गई। लगभग दो महीने बाद मार्च 2026 में जब वह घर वापस लौटी, तो उसने बताया, कि वह अपने प्रेमी आशु उर्फ कमल सेन के साथ गई थी और उसी के साथ रहना चाहती है। पत्नी ने पति से कहा, कि अगर उसके साथ रहना है, तो उसका बॉयफ्रेंड भी इसी घर में रहेगा।
पत्नी ने पति के सामने शर्त रखी, कि तीनों एक ही घर की छत के नीचे साथ में रहेंगे। यदि ऐसा नहीं हुआ, तो वह घर छोड़कर चली जाएगी। पत्नी की बात सुनकर पति ने शर्त मानने से साफ मना कर दिया। ऐसे में सुबह के वक्त पत्नी फिर से बिना बताये कहीं चली गई, जब दोपहर के वक्त घर वापस आई, तो उसने पति को धमकाया, कि तुम्हारे खिलाफ झूठी रिपोर्ट दर्ज करवा कर जिंदगी बर्बाद कर देगी।
आरोप है, कि पत्नी ने गुस्से में पति का सिर फोड़ दिया। जब तक पीड़ित कुछ समझ पाता, तब तक पत्नी घर मे रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी के साथ ही अपनी तीनों बेटियों और बेटे को लेकर रवाना हो गई। इसके बाद पति राजकुमार पुलिस अधिक्षक कार्यालय पहुंचा।
पति ने बताया, कि पत्नी जाते-जाते उसे धमकी देकर गई है, कि वह उसकी हत्या जरूर करवाएगी। ऐसे में पीड़ित पति ने पुलिस से घर से गए सोने-चांदी के आभूषण के साथ स्वयं की जान की सुरक्षा की गुहार लगाई है। फिलहाल पुलिस पति के आरोपों की जांच कर रही है, ताकि पत्नी के बच्चों सहित घर छोड़कर जाने की असलियत सामने आ सके।
