सांकेतिक चित्र
रुड़की स्थित एक होटल में शुक्रवार को युवक और महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों ने कथित तौर पर कीटनाशक खाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर शवों को बाहर निकाला। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया।
जानकारी के मुताबिक, रुड़की में डबल फाटक पुल के पास स्थित होटल में युवक और महिला ने बीते गुरुवार 28 मई की शाम एक कमरा बुक किया था। शुक्रवार की सुबह सफाई के लिए कर्मचारी गया, तो कक्ष नहीं खुला। जिसके बाद दोपहर 12 बजे उनका चेक आउट का समय हुआ, तो होटल कर्मी फिर से कमरे को खुलवाने गए, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई।
इसके बाद होटल मैनेजर ने पुलिस को सूचना दी, कि एक कमरे का दरवाजा काफी देर से नहीं खुल रहा है और कमरे से बदबू भी आ रही है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। काफी कोशिशों के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला, तो पुलिस ने उसे तोड़ दिया। जब पुलिस कमरे के अंदर दाखिल हुई, तो युवक और महिला मृत अवस्था में पड़े मिले।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है, कि दोनों ने कथित तौर पर कीटनाशक पदार्थ का सेवन कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। बताया जा रहा है, कि मृतक युवक दो बच्चों का बाप है। संभावना जताई जा रही है, कि दोनों के बीच विवाहोत्तर (post-marital) प्रेम प्रसंग चल रहा था। जांच में ये भी पता चला है, कि मृतक महिला भी विवाहित है।
पुलिस के मुताबिक, होटल के कमरे में बेड पर पड़े मिले महिला और पुरुष के मुंह से झाग निकल रहा था। जिनकी आधार कार्ड के आधार पर पहचान सागर पुत्र विजेंद्र (उम्र करीब 23 वर्ष ) निवासी नाथूखेड़ी कोतवाली मंगलौर और महिला पत्नी संदीप (उम्र करीब 27 वर्ष) निवासी मंगलौर के रूप में की गई है।
पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है। इस संबंध में सीओ रुड़की ओशिन जोशी ने बताया, कि पूरे मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। प्रथम दृष्टया आत्महत्या की जानकारी निकलकर सामने आ रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता लग पाएगा।
