कौड़ियाला के पास दर्दनाक हादसा, (फोटो साभार: etvbharat)
टिहरी जिले के कौडियाला के पास वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने से दर्दनाक हादसा हो गया। मंगलवार सुबह एक कार सरिये से लदे ट्रक में टकरा गई। इस हादसे में कार सवार महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि सात लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है, कि कार में आठ लोग सवार थे, जिसमें पांच महिलाएं और तीन पुरुष शामिल थे।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब आठ बजे घटित हुआ। ब्यासी के पास एक सरिये से लदा ट्रक खड़ा था। इस दौरान दूसरी ओर से आ रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। सूचना पर SDRF टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
इस हादसे में 55 वर्षीय धूमा देवी पत्नी स्व. दिलवर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी। महिला का शव वाहन में बुरी तरह फंसा हुआ था, जिसे SDRF टीम द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। वहीं अन्य सभी घायलों को सामान्य चोटें आई, जिन्हें एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया।
