ब्लैकमेल कर लाखों रुपये ऐंठने वाला आरोपित गिरफ्तार, (फोटो साभार: X@UdhamSNagarPol)
उधम सिंह नगर पुलिस ने आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और लाखों रुपये वसूलने के आरोप में एक शख्स को गिरफ्तार किया है। आरोप है, कि सुनियोजित षड्यंत्र रचकर पहले पीड़ित को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर आपत्तिजनक वीडियो बनाया गया और फिर उसे वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपये वसूले।
जानकारी के अनुसार, कुंडेश्वरी निवासी पीड़ित ने कोतवाली काशीपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था, कि कुछ लोगों ने उसके साथ तमंचे के बल पर मारपीट की और रुपये वसूले। आरोप यह भी था कि आरोपियों ने षड्यंत्र के तहत उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली काशीपुर में केस दर्ज किया गया। मामले में मुकदमा दर्ज करते हुए विवेचना उपनिरीक्षक मनोज धौनी को सौंपी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने पुलिस टीम गठित कर घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए।
🛑 एसएसपी अजय गणपति के कुशल निर्देशन का असर — आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर लाखों रुपये ऐंठने वाले गिरोह का हुआ खुलासा, मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार
➡️ आरोपियों द्वारा आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पीड़ित से लाखों रुपये की गई थी वसूली। pic.twitter.com/MKT3lmYS3N
— Udham Singh Nagar Police Uttarakhand (@UdhamSNagarPol) September 13, 2026
तफ्तीश के दौरान पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इस बीच 12 सितंबर को पुलिस टीम को सूचना मिली, कि मुकदमे का मुख्य आरोपी राजेंद्र कुमार प्रतापपुर बैरियर के पास रामनगर रोड पर मौजूद है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर 32 वर्षीय राजेंद्र कुमार निवासी शक्तिनगर, बिजनौर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़ित को ब्लैकमेल करने की योजना बनाए जाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लाख रुपये नकद, जो पीड़ित से वसूली गई रकम में से बताए गए हैं, एक कार बरामद की है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दें रही है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ काशीपुर थाने और आईटीआई थाना क्षेत्र में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है, कि मामले में बरामदगी, आरोपियों के बयानों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर विवेचना आगे बढ़ाई जा रही है।
काशीपुर एसपी स्वप्न किशोर के मुताबिक, अभियुक्त के अनुसार पीड़ित को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर आपत्तिजनक वीडियो बनाया गया तथा वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे धनराशि वसूली गई। मामले में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे है।
