सांकेतिक चित्र
हरिद्वार जिले के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में एक युवती से मारपीट कर उसका मोबाइल छीनकर फरार हुआ युवक कुछ ही देर बाद गोली लगने से मृत मिला। पुलिस के अनुसार, युवक ने बहादराबाद क्षेत्र में गैस प्लांट के पास खाली मैदान में खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मौके से अवैध पिस्टल बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सुजीत वर्मा पुत्र कैलाशनाथ के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के हेमराज अरूरवा, फैजाबाद का रहने वाला था। प्रारंभिक जांच में सामने आया, कि सुजीत अपने गांव की ही युवती से एकतरफा प्रेम करता था। वर्तमान में युवती हरिद्वार के राम वाटिका, जमालपुर में रहती है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह युवती ने गैस प्लांट चौकी को सूचना दी, कि उसके गांव का रहने वाला सुजीत नाम का युवक उसे जमालपुर चौक के पास मिला। इस दौरान सुजीत के पास एक पिस्टल भी थी। आरोप है, कि युवक ने उसके साथ मारपीट की और मोबाइल फोन छीन लिया और जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गया।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते युवती से सुजीत का मोबाइल नंबर लेकर उसकी लोकेशन ट्रेस की और उसकी खोज शुरू की। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली, कि संदिग्ध युवक बहादराबाद क्षेत्र में इंडियन बॉटलिंग प्लांट की बाउंड्री के पीछे खाली मैदान में छिपा हुआ है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो देखा, कि सुजीत खून से लथपथ पड़ा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, मौके पर ही सुजीत ने दम तोड़ दिया था। घटना की सूचना पर एसपी सिटी अभय सिंह समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस मामले पर एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया, कि पुलिस द्वारा मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया, कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। युवती से मारपीट, धमकी और युवक की ओर से उठाए गए आत्मघाती कदम के बीच संबंधों को खंगाला जा रहा है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है, कि युवक के पास अवैध हथियार कहां से आया।
