पुलिस मुठभेड़ में सुपारी किलर गिरफ्तार,(फोटो साभार: अमर उजाला)
देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
देहरादून पुलिस के अनुसार, मंगलवार 8 सितंबर को एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी, कि वह और उनका फुफेरा भाई स्कूटी से घर की तरफ जा रहे थे। इस दौरान पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर आगे बडोवाला की ओर पीछे से आ रहे बाइक सवार दो बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया।
पटेल नगर क्षेत्र में पुलिस तथा बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़
मुठभेड़ में एक बदमाश घायल दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर हुआ फरार
चेकिंग के दौरान पुलिस द्वारा एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल सवार व्यक्तियों को रोकने का किया था प्रयास
मुठभेड़ में घायल अभियुक्त पूर्व में जा चुका है जेल pic.twitter.com/M5NkOQEapP— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) September 12, 2026
गोली लगने से महिला का भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कोतवाली स्तर पर अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने तफ्तीश के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
इस बीच पुलिस टीम को सूचना मिली, कि बडोवाला क्षेत्र में फायरिंग की घटना को अंजाम देने वाला बदमाश सौदे में तय की गई बाकी रकम लेने के लिए अपने साथी के साथ देहरादून आया हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पटेलनगर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान पुलिस ने गोरखपुर चौक पर एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार संदिग्धों को रुकने का इशारा किया। पुलिस टीम को देख बाइक सवार बदमाशों ने मौके से भागने की कोशिश की, गोरखपुर चौक से प्रेम नगर जाने वाली रोड की ओर चले गए। जब पुलिस ने पीछा किया, तो बदमाश मोटरसाइकिल छोड़कर जंगल की ओर भाग गए।
पुलिस ने जब उन्हें समर्पण करने के लिए कहा, तो दोनों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। पुलिस द्वारा अपने बचाव में किए गए जवाबी फायर में एक बदमाश के पैर पर गोली लग गई, जबकि दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान अंकित चौहान निवासी केशव नगर, हरिद्वार के रूप में हुई।
वहीं मौके से फरार बदमाश की पहचान अंकुर के रूप में हुई है। फरार अभियुक्त के साथी की तलाश के लिए पुलिस द्वारा लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। वहीं, मुठभेड़ में घायल अंकित चौहान पूर्व में भी आपराधिक घटनाओं में जेल जा चुका है।
पुलिस टीम को आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, जिंदा/खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। आरोपी ने पूछताछ में बताया, कि उसने अपने साथी अंकुर के साथ मिलकर बड़ोवाला क्षेत्र में एक बैंक कर्मी को जान से मारने की सुपारी ली थी। दोनों बदमाशों ने उस व्यक्ति पर फायर किया था, जिसमें वो घायल हो गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया, कि कुछ समय पहले उसकी मुलाकात रानीपुर हरिद्वार निवासी एक व्यक्ति मोहित से हुई थी। मोहित को जानकारी थी, कि वह पहले भी जेल जा चुका है। मोहित ने उसकी पहचान अपनी एक महिला दोस्त से कराई, जो एक प्राइवेट बैंक में नौकरी करती थी।
महिला दोस्त ने उसे बताया, कि साल 2020 में हरिद्वार के एक बैंक में काम के दौरान उसकी मुलाकात बिजनौर निवासी सत्यम कुमार से हुई थी, जो उसके साथ बैंक में काम करता था। सत्यम लगभग चार-पांच सालों तक उसे शादी का झांसा देता रहा। बाद में उसने किसी अन्य लड़की से सगाई कर ली।
मोहित और महिला दोस्त ने उसे सत्यम को रास्ते से हटाने और उसके एवज में उसे 5 लाख रुपए देने की बात कही। घटना से पहले महिला दोस्त ने एडवांस के तौर पर उसे एक लाख 20 हज़ार रुपए दिए थे। बाकी की रकम सत्यम को रास्ते से हटाने के बाद देने की बात कही गई थी। महिला दोस्त ने ही उसे सत्यम की फोटो देते हुए देहरादून में बैंक का कार्यालय दिखाया था।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया है, कि 8 सितंबर को आरोपी अपने साथी अंकुर के साथ वारदात को अंजाम देने के लिए देहरादून आया था। शाम के समय उज्जीवन बैंक के बाहर खड़े होकर सत्यम के आने का इंतजार करने लगा। शाम करीब 7:45 बजे सत्यम के बैंक से निकलने पर आरोपी ने अपनी मोटरसाइकिल से उसका पीछा किया।
शिमला बायपास रोड पर बड़ोवाला में एक सुनसान स्थान पर अपनी मोटरसाइकिल को उसकी स्कूटी के आगे लगाते हुए सत्यम को जान से मारने की नीयत उस पर फायर कर दिया। इस दौरान गोली लगने से सत्यम घायल हो गया। गोली चलने की आवाज सुनकर घटनास्थल पर लोग इकट्ठा हो गए। पकड़े जाने की डर से दोनों बदमाश भाग गए थे।
पुलिस के मुताबिक, गोलीकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी पुलिस से बचने के लिए पहले दिल्ली और उसके बाद हरियाणा भाग गए। शुक्रवार रात आरोपी मोहित के कहने पर बची हुई रकम लेने वापस देहरादून आए थे।
