बांग्लादेश में पेड़ से लटकता मिला पुजारी का शव, 3 दिन से था लापता (फोटो साभार: हिंदू पोस्ट, इंडिया टीवी)
बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा की घटनाएं दिन-ब-दिन बढ़ती ही जा रही है। ताजा घटना में बांग्लादेश में एक बार फिर एक हिंदू पुजारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई है। उल्लेखनीय है, कि बीते कुछ महीनों में बांग्लादेश में विशेष रूप से हिंदुओं को टारगेट करते हुए हिंसा के मामलों में बढ़ोतरी हुई है।
जानकारी के अनुसार, बांग्लादेश स्थित कोक्स बाजार पहाड़ी इलाके में हिंदू पुजारी का शव पेड़ से लटकता पाया गया है। शव मिलने के बाद हिंदू समुदायों के बीच खौफ का माहौल है। मृतक हिंदू पुजारी की पहचान नयन दास के रूप में हुई है। वे बीते रविवार 19 अप्रैल की रात से लापता थे। परिजनों के अनुसार, उस रात कुछ अनजान लोग उन्हें घर से बुलाकर ले गए थे।
जिसके बाद वे वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद अगले दिन सोमवार 20 अप्रैल को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों ने आसपास के इलाके में उनकी तलाश शुरू कर दी। बुधवार दोपहर मंदिर के पूर्वी पहाड़ी इलाके में लोगों के एक समूह ने सबसे पहले शव को देखा।
मृतक पुजारी नयन दास के गले में एक स्कार्फ लिपटा हुआ था, जिससे हत्या का संदेह जताया जा रहा है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है, कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा, कि यह हत्या है या खुदखुशी। फिलहाल पुलिस इस मामले की तफ्तीश कर रही है, कि आखिर वे संदिग्ध लोग कौन थे, जो पुजारी को रात में बुलाकर ले गए थे।
गौरतलब है, कि बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा की बढ़ती घटनाओं पर मानवाधिकार संगठनों का कहना है, कि बीते महीनों में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा, अपमान और हत्याओं की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है, लेकिन इन मामलों में सख्त कार्रवाई नहीं हुई है। ताजा घटना ने एक बार फिर बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए है।
