CM धामी ने मसूरी रोड स्थित निर्माणाधीन पुल का जायजा लिया
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार (21 अप्रैल 2026) को मसूरी रोड स्थित शिव मंदिर के निर्माणाधीन पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान सीएम धामी ने बारिश से क्षतिग्रस्त हुए पुल के पुनर्निर्माण कार्य प्रगति की जानकारी ली। साथ ही मुख्यमंत्री ने PWD के अधिकारियों को निर्देश दिए, कि पुल निर्माण का कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में सुविधा मिल सके।
सीएम धामी ने कहा, कि यह पुल देहरादून और मसूरी को जोड़ने वाला एक अत्यंत महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों एवं पर्यटकों का आवागमन होता है। उन्होंने कहा, कि यातायात को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से दोनों ओर से आवागमन के लिए बेली ब्रिज का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है, जो दूसरी ओर से भी शीघ्र ही पूर्ण होकर संचालित हो जाएगा।
देहरादून-मसूरी मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान आपदा के दौरान क्षतिग्रस्त पुल के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
साथ ही ट्रैफिक व्यवस्थाओं को सुचारू रखने एवं प्रदेश में आने वाले… pic.twitter.com/vx7gJXtlMV
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) April 21, 2026
मुख्यमंत्री धामी ने कहा, कि इस स्थान पर स्थायी पुल का निर्माण कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है, जिसे आगामी 2 से 3 माह के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा, कि राज्य सरकार प्रदेश में सड़कों एवं पुलों के सुदृढ़ीकरण हेतु निरंतर प्रयासरत है। विभिन्न क्षेत्रों में सड़क एवं पुल निर्माण से संबंधित अनेक परियोजनाएं तेजी से क्रियान्वित की जा रही हैं, जिससे प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।
सीएम धामी ने कहा, कि चारधाम यात्रा एवं आदि कैलाश यात्रा को ध्यान में रखते हुए सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं, कि आवश्यक अवसंरचनात्मक कार्यों को समय पर पूर्ण किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा कार्यों की प्रगति की निरंतर समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।
