ऋषिकेश में अवैध रूप से रह रही बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार, (फोटो साभार : @DehradunPolice)
देवभूमि उत्तराखंड स्थित ऋषिकेश में पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के साथ अवैध रूप से रह रही संदिग्ध बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से पश्चिम बंगाल के पते पर बना फर्जी आधार कार्ड और बांग्लादेशी पहचान पत्र बरामद किए है। पुलिस के अनुसार, बांग्लादेशी महिला फर्जी भारतीय पहचान के साथ क्षेत्र में रह रही थी।
गौरतलब है, कि चारधाम यात्रा से पहले उत्तराखंड में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं। इसी क्रम में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत ऋषिकेश पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। दून पुलिस और स्थानीय अभिसूचना इकाई ने खुफिया सूचना के आधार पर अवैध रूप से भारत में रह रही एक बांग्लादेशी महिला कोगिरफ्तार किया है।
ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस को मिली एक और बड़ी सफलता,अवैध रूप से भारत में रह रही 01 बांग्लादेशी महिला को दून पुलिस एवं स्थानीय अभिसूचना इकाई ने किया गिरफ्तार
अभियुक्ता फर्जी भारतीय दस्तावेजों बनाकर अवैध रूप से रह रही थी भारत में #dehraduntrafficpolice #BNS pic.twitter.com/LCGiNsh3aG— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) April 15, 2026
मामले का खुलासा करते हुए सीओ नीरज सेमवाल ने बताया, कि बुधवार (15 अप्रैल 2026) को स्थानीय अभिसूचना इकाई (लोकल इंटेलिजेंस यूनिट) को ऋषिकेश क्षेत्र में एक बांग्लादेशी नागरिक के अवैध रूप से निवास करने की गुप्त सूचना प्राप्त हुई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल एक संयुक्त टीम का गठन किया गया।
इसके बाद पुलिस टीम ने नटराज चौक क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर गेट नंबर-3 डग रोड के पास से संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान महिला ने अपनी पहचान रीना उर्फ रीता निवासी जिला सरियातपुर, ढाका, बांग्लादेश के रूप में बताई।
पूछताछ के दौरान महिला ने खुलासा किया, कि वह करीब एक महीने पहले रिपोन नामक शख्स की मदद से अवैध रूप से भारतीय सीमा में दाखिल हुई थी। रिपोन ने महिला से सोशल मीडिया के जरिये संपर्क किया और भारत में अच्छे रोजगार का लालच दिया। भारत आने के बाद महिला ने अपनी पहचान छिपाने के लिए पश्चिम बंगाल में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर एक भारतीय आधार कार्ड बनवाया।
इसके बाद बांग्लादेशी महिला 13 अप्रैल को दिल्ली से बस के जरिए ऋषिकेश पहुंची। पुलिस ने महिला के कब्जे से बांग्लादेश का राष्ट्रीय पहचान पत्र, फर्जी भारतीय आधार कार्ड, बांग्लादेशी नागरिकता प्रमाण पत्र की छायाप्रति और एक मोबाइल बरामद किया है। कोतवाली ऋषिकेश में महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
उल्लेखनीय है, कि इतनी कम अवधि में भारतीय दस्तावेज तैयार हो जाना पुलिस के लिए चिंता का विषय बन गया है, जिससे संगठित नेटवर्क की आशंका और गहरी हो गई है। पुलिस अब इन घटनाओं को एक बड़े रैकेट से जोड़कर देख रही है और पूरे नेटवर्क को उजागर करने की दिशा में गहन जांच कर रही है।
