CM धामी ने 'स्वेच्छा से स्वच्छता' अभियान में लिया हिस्सा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार (13 अप्रैल 2026) को बल्लूपुर चौक में नगर निगम, देहरादून द्वारा आयोजित “स्वेच्छा से स्वच्छता” कार्यक्रम में प्रतिभाग कर प्रदेशवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर सीएम धामी ने स्वयं सफाई अभियान में भाग लेते हुए जनसामान्य को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा, कि स्वच्छता केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। स्वच्छता हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा होनी चाहिए। जब तक प्रत्येक नागरिक स्वेच्छा से इस दिशा में योगदान नहीं देगा, तब तक स्थायी परिवर्तन संभव नहीं है। हमें अपने घर, मोहल्ले और शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी स्वयं निभानी होगी।
सीएम धामी ने नगर निगम, देहरादून के इस अभियान की सराहना करते हुए कहा, कि इस प्रकार के जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाएं, ताकि स्वच्छता के प्रति जागरूकता निरंतर बनी रहे।
#WATCH | Uttarakhand Chief Minister Pushkar Singh Dhami participates in a cleanliness drive at Ballupur Chowk in Dehradun. pic.twitter.com/yU1L9sX5Kv
— ANI (@ANI) April 13, 2026
नगर निगम द्वारा 7 अप्रैल से 13 अप्रैल 2026 तक चलाए गए इस विशेष सफाई अभियान का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाना है। अभियान के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में सफाई, कूड़ा निस्तारण तथा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, खजान दास, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल, विधायक श्रीमती सविता कपूर, भाजपा संगठन महामंत्री अजेय कुमार एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
