PM मोदी का उत्तराखंड दौरा (चित्र साभार: X@DIPR_UK)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार (11 सितंबर 2025) को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून पहुंचे। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरप्रीत सिंह ने उनका स्वागत किया। इसके बाद पीएम मोदी को आपदाग्रस्त इलाकों के हवाई सर्वेक्षण के लिए जाना था, लेकिन मौसम अनुकूल न होने के कारण हवाई दौरा रद्द हो गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उत्तराखंड के लिए 1200 करोड़ की तात्कालिक वित्तीय सहायता की घोषणा की गई। वहीं, मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे। बाढ़ और भूस्खलन में जिन बच्चों ने अपने माता-पिता खो दिए हैं, उन्हें पीएम केयर फॉर चिल्ड्रन योजना के तहत पूरी मदद दी जाएगी।
उत्तराखण्ड में प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का जायजा लेने पहुंचे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आज जौलीग्रांट एअरपोर्ट पर आपदा राहत कार्यों की गहन समीक्षा की। प्रधानमंत्री ने इस दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में आपदा से हुए नुकसान का विस्तार से जानकारी लेने के साथ ही राहत एवं बचाव… pic.twitter.com/vP8NWNlYhj
— Uttarakhand DIPR (@DIPR_UK) September 11, 2025
पीएम मोदी ने देहरादून में आपदा प्रभावित परिवारों से भेंट कर उनकी पीड़ा और परिस्थितियों को निकट से जाना। उन्होंने प्रभावितजनों से संवाद के दौरान उन्होंने भरोसा दिलाया, कि आपदा की इस घड़ी में केंद्र और राज्य सरकार पूरी शक्ति व संसाधनों के साथ हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने आपदा से क्षतिग्रस्त घर, स्कूल, होटल, खेत, बागवानी व बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण हेतु विशेष सहायता दिए जाने हेतु पीड़ितों को आश्वस्त किया। पीएम मोदी ने कहा, कि यदि इस कार्य में कोई नियम बाधा बनता है तो उसमें बदलाव भी करेंगे। इसके बाद पीएम मोदी ने एनडीआरएफ,एसडीआरएफ और उत्तराखंड पुलिस की टीम एवं आपदा मित्र स्वयंसेवकों के साथ संवाद किया।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने आज देहरादून में NDRF, SDRF, Uttarakhand Police की टीम एवं आपदा मित्र स्वयंसेवकों के साथ संवाद किया। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के अनुसार इस दौरान प्रधानमंत्री ने प्रदेश के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में इनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों… pic.twitter.com/biiwRmX1zA
— Uttarakhand DIPR (@DIPR_UK) September 11, 2025
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने प्रदेश के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में इनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की और उनके अनुभवों को सुना। इसके बाद पीएम मोदी ने उत्तराखंड में बाढ़ की स्थिति पर एक प्रस्तुतिकरण के माध्यम से जायजा लिया। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल(सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह भी उपस्थित रहे।
#WATCH देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड में बाढ़ की स्थिति पर एक प्रस्तुतिकरण के माध्यम से जायजा लिया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल(सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे।
(वीडियो सोर्स: डीडी न्यूज़) pic.twitter.com/5mXdruxnfh
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 11, 2025
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे क्षेत्र और स्थानीय निवासियों की मदद के लिए बहुआयामी दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। इसमें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घरों का पुनर्निर्माण, राष्ट्रीय राजमार्गों का जीर्णोद्धार, स्कूलों का पुनर्निर्माण, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष के माध्यम से राहत प्रदान करने और पशुओं के लिए मिनी किट वितरित करने जैसे उपाय शामिल होंगे।
उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री धामी ने राज्य में आपदा से हुई क्षति तथा प्रभावित क्षेत्रों में संचालित राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी दी। सीएम धामी ने बताया, कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव के अभियान पूरी तत्परता एवं क्षमता के साथ संचालित करने में केंद्र सरकार के संगठनों से भरपूर सहयोग मिला है। जिसके चलते प्रभावितों तक त्वरित गति से समुचित राहत संभव हो सकी है।
सीएम धामी ने कहा, कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सड़कों एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों को काफी नुकसान पहुंचा है। प्रभावित इलाकों में बुनियादी सुविधाओं की बहाली के लिए युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है। इस अवसर पर सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, त्रिवेन्द्र सिंह रावत, अनिल बलूनी, माला राज्य लक्ष्मी शाह, नरेश बंसल, कल्पना सैनी, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन एवं पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ उपस्थित रहे।
