प्रतीकात्मक चित्र,
हरिद्वार जिले में एक हिंदू नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है, कि युवक ने नाबालिग के साथ सोशल मीडिया पर नाम बदलकर दोस्ती की, फिर उसके साथ कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इतना ही नहीं धर्मांतरण का दबाव भी बनाया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, ज्वालापुर कोतवाली निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत देकर बताया, कि उनकी 15 वर्षीय बेटी क्षेत्र के ही एक स्कूल में कक्षा 10 की छात्रा है। उन्होंने बताया, कि उनकी नाबालिग बेटी की दो साल पहले इंस्टाग्राम पर 21 वर्षीय मोनू शेख समीर नाम के युवक से दोस्ती हुई। आरोपी ने उनकी बेटी को बताया, कि वो हिंदू है।
पीड़िता के पिता ने बताया, कि आरोपी अपनी पहचान छिपाकर उनकी बेटी से चैट करने लगा। इसी बीच उसने नाबालिग से दोस्ती बढ़ाई और बहला फुसलाकर कई बार घर और स्कूल से अपनी सफेद रंग की गाड़ी में ले गया। आरोप है, कि इस दौरान उसने प्यार और शादी का झांसा देकर जटवाड़ा पुल, नहर पटरी पर गाड़ी के अंदर ही बेटी के साथ दुष्कर्म किया।
उन्होंने बताया, कि अभी कुछ समय पहले ही उन्हें युवक के मुस्लिम होने की बात उनकी बेटी ने बताई। जब बेटी ने अपनी असल पहचान छिपाने के बारे में युवक से पूछा, तो आरोपी का कहना था, कि अगर ऐसा होता, तो वो बात नहीं करती। इसके बाद बेटी ने घर में सारी आपबीती बताई। आरोपी ने अपनी मुस्लिम पहचान छिपाकर उसे धोखे में रखा।
आरोप है, कि मुस्लिम युवक द्वारा नाबालिग पर लगातार मानसिक दवाब एवं प्रलोभन दिए जाने के कारण उनकी बेटी भी धर्म परिवर्तन के लिए तैयार हो रही है। पीड़िता के पिता ने कहा, आरोपी ने उनकी नाबालिग बेटी का शारीरिक व मानसिक शोषण किया है। धोखाधड़ी कर उसकी आस्था के साथ खिलवाड़ किया गया है, इसलिए उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
प्रकरण के संबंध में ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया, कि इस मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया है, उसे कोर्ट में पेश करने की तैयारी है।
