CM धामी ने खेल महाकुंभ के समापन समारोह में खिलाड़ियों को सम्मानित किया
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार 1 नवंबर, को देहरादून में आयोजित खेल महाकुंभ 2026 का समापन किया। समारोह में मुख्यमंत्री के साथ खेल मंत्री रेखा आर्या भी शामिल हुईं। इस अवसर पर सीएम धामी ने प्रदेशभर से आए प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया।
समापन समारोह को संबोधित करते सीएम धामी ने कहा, “निश्चित रूप से खेल महाकुंभ ने ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का एक सशक्त मंच प्रदान किया है।”
निश्चित रूप से खेल महाकुंभ ने ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का एक सशक्त मंच प्रदान किया है। हमारी सरकार मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना, मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना एवं मुख्यमंत्री खेल विकास निधि जैसी पहलों के माध्यम से खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति, खेल उपकरण और बेहतर प्रशिक्षण की सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) November 1, 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, कि हमारी सरकार मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना, मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना एवं मुख्यमंत्री खेल विकास निधि जैसी पहलों के माध्यम से खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति, खेल उपकरण और बेहतर प्रशिक्षण की सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।
उन्होंने कहा, कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं। ये हमें जीवन में आगे बढ़ना, अनुशासन विकसित करना और पीछे छूट जाने पर फिर से उठने का साहस जुटाना जैसी कई बातें सिखाते हैं। ये हमारे व्यक्तित्व को भी निखारते हैं और हमारे शरीर को स्वस्थ रखते हैं।
सीएम धामी ने कहा, कि हमारी सरकार का मानना है कि खेल ही उत्तराखंड के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं। इसी सोच के साथ ‘खेल महाकुंभ’ की शुरुआत की गई थी, ताकि उत्तराखंड के हर गांव में छिपे प्रतिभाशाली खिलाड़ी सामने आ सकें और आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा, कि संसाधनों के अभाव में कोई भी बच्चा पीछे नहीं रहना चाहिए।
इस अवसर पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया, कि इस वर्ष प्रतियोगिताओं में 3.17 लाख खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जबकि पिछले साल यह संख्या 2.19 लाख थी। कुल 3.33 लाख खिलाड़ियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया था। 32 खेल विधाओं में न्याय पंचायत से राज्य स्तर तक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
खेल मंत्री ने बताया, कि विजेता खिलाड़ियों को कुल 11.50 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी। खेल युवाओं के लिए रोजगार और बेहतर भविष्य के अवसर भी खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा, कि खेल महाकुंभ के जरिए गांवों और शहरों की प्रतिभाओं को एक मंच पर लाने की कोशिश की जा रही है।
