मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (फाइल चित्र)
आगामी 21 जून को दोबारा आयोजित होने वाली NEET UG (National Eligibility cum Entrance Test Undergraduate) की परीक्षा को लेकर उत्तराखंड की धामी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश में नीट (यूजी) 2026 की पुनः परीक्षा में सम्मिलत होने वाले अभ्यर्थियों को उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जायेगी।
उत्तराखंड सरकार द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, प्रदेश में नीट (यूजी)-2026 की पुनः परीक्षा में सम्मिलत होने वाले अभ्यर्थियों को उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान की जाएगी। इस संबंध में सचिव परिवहन बृजेश कुमार संत द्वारा प्रबंध निदेशक उत्तराखण्ड परिवहन निगम को आदेश जारी कर दिए गए हैं।
Uttarakhand | The Government of Uttarakhand has decided to provide free travel facilities in Uttarakhand Transport Corporation (UTC) buses to candidates appearing for the NEET (UG) 2026 re-examination. Permanent residents of Uttarakhand will be eligible to avail this benefit by…
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) June 10, 2026
उत्तराखण्ड के स्थायी निवासी अभ्यर्थियों को नीट (यूजी)-2026 का प्रवेश पत्र दिखाकर इस सुविधा का लाभ मिलेगा। यह सुविधा अभ्यर्थियों को परीक्षा से दो दिन पूर्व तथा परीक्षा समाप्ति के दो दिन बाद तक मान्य होगी। जारी आदेश के अनुसार, यह सुविधा उत्तराखंड परिवहन निगम द्वारा संचालित केवल साधारण श्रेणी की बसों तथा परीक्षा केंद्र के निकटतम मार्ग के लिए ही मान्य होगी।
दरअसल, 3 मई 2026 को नीट (यूजी) 2026 की परीक्षा हुई थी, जिस परीक्षा के लिए 22.75 लाख बच्चों ने आवेदन किया था। इसमें से 22.05 लाख बच्चों ने परीक्षा दी थी, लेकिन पेपर लीक का मामला सामने आने के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई 2026 को हुई NEET (UG) 2026 परीक्षा को कैंसिल कर दिया था।
एनटीए का कहना था, कि परीक्षा को कैंसिल करने का निर्णय ट्रांसपेरेंसी बनाए रखने और नेशनल परीक्षा सिस्टम में भरोसा बनाए रखने के हित में लिया गया है। साथ ही इस बात को कहा गया था, कि नीट परीक्षा दोबारा होगी। इसी क्रम अब 21 जून 2026 को नीट की परीक्षा पुनः आयोजित होने जा रही है।
