पुलिस ने स्टंटबाजों को सिखाया सबक, (फोटो साभार: X@haridwarpolice)
हरिद्वार स्थित बीएचईएल क्षेत्र में कार और बाइक से स्टंटबाजी और हुड़दंग के मामलों पर पुलिस ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का सख्त संज्ञान लेते हुए रानीपुर पुलिस ने चारों युवकों को चिन्हित कर सबक सिखाया है। पुलिस ने स्टंट में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलों को सीज कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, वायरल वीडियो में कुछ युवक बीएचईएल मध्य मार्ग पर मोटरसाइकिलों से खतरनाक स्टंट करते और सड़क पर हुड़दंग मचाते दिखाई दे रहे थे। वीडियो के संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और प्रभारी निरीक्षक मनोहर भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कर वीडियो में नजर आ रहे युवकों की पहचान की गई।
जांच के दौरान स्टंट करने वाले दो बाइक चालकों की पहचान अभिषेक पुत्र रामबाबू निवासी ब्रह्मपुरी, रावली महदूद, सिडकुल हरिद्वार व फरहान पुत्र गुलफाम निवासी ग्राम दादूपुर गोविन्दपुर, रानीपुर के रूप में हुई। बताया जा रहा है, कि अभिषेक पल्सर और फरहान अपाचे बाइक पर स्टंट कर रहा था। दोनों वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया।
🏍️ BHEL मध्य मार्ग में बाइक स्टंट और हुड़दंग करना पड़ा महंगा
🎥 सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का पुलिस ने लिया तत्काल संज्ञान
👮♂️ दो बाइक चालकों और उनके दो साथियों के विरुद्ध की गई प्रभावी कार्रवाई
🚔 दोनों मोटरसाइकिलें सीज, साथियों का पुलिस अधिनियम में चालान#viralreelsシ pic.twitter.com/IZ7sK8fct2
— Haridwar Police Uttarakhand (@haridwarpolice) June 4, 2026
इसके अलावा स्टंट के दौरान हुड़दंग करने वाले दो अन्य युवकों मनीष पाल पुत्र सुदेश पाल तथा अनुज कुमार पुत्र रोहतास कुमार निवासी ब्रह्मपुरी, रावली महदूद के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। दोनों का पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत चालान कर संयोजन शुल्क भी वसूला गया।
इस संबंध में रानीपुर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर मनोहर भंडारी ने बताया, कि सड़कों पर स्टंटबाजी करना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। कार्रवाई के दौरान चारों युवकों को भविष्य में इस प्रकार की हरकतों से दूर रहने और यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत भी दी गई।
उल्लेखनीय है, कि बीएचईएल क्षेत्र में पहले में भी इस तरह के मामले सामने आए हैं, जिसमें स्टंटबाज क्षेत्र में कभी बाइक तो कभी कार से हुड़दंग मचाते नजर आए। पुलिस की सख्त निगरानी के बावजूद बेपरवाह युवक न सिर्फ स्टंट कर रहे हैं, बल्कि अपने साथ राहगीरों की जान को जोखिम में डाल रहे है। हालांकि पुलिस ऐसे स्टंटबाजों पर समय-समय पर कार्रवाई करती रहती है।
