(फोटो साभार: (X@ETVBharatUK)
हरिद्वार जिले के बहादराबाद थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई है। बताया जा रहा है, कि पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद महिला ने मासूम बेटी संग गंगनहर में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही बहादराबाद थाना पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह 35 वर्षीय अर्जुन पुत्र बालेश्वर निवासी कोटा मुरादनगर, थाना कलियर 30 वर्षीय पत्नी सविता और दो बच्चों के साथ बाइक से अपने ससुराल गांव रायपुर दरेड़ा, थाना बहादराबाद जा रहा था। बाइक पर उनके साथ उनका चार वर्षीय बेटा आगे बैठा हुआ था जबकि एक वर्षीय बेटी पत्नी की गोद में थी।
पति ने बताया, कि जब वह दौलतपुर स्थित डीपीएस कॉलेज के पास पहुंचा, तो पत्नी ने घर पर रुकने की बात कही। इसी बात को लेकर दंपति के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर सविता ने बाइक रुकवाई और एक साल की बेटी को लेकर गंग नहर में छलांग लगा दी। इससे पहले की वो कुछ समझ पाता, मां-बेटी गहरे पानी में डूबकर लापता हो गए।
महिला और बच्ची के नहर में कूदते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बहादराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पति का भी रो-रोकर बुरा हाल है।
बहादराबाद एसएचओ अमरजीत सिंह ने बताया, कि प्राथमिक जांच में दंपति के बीच विवाद की बात सामने आई है। महिला अपनी एक वर्षीय बच्ची को लेकर गंग नहर में कूद गई। महिला और बच्ची की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही जल पुलिस की टीमें तलाश में जुटी हुई है।
