सीएम धामी ने नायब तहसीलदारों को सौंपे नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को शासकीय आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने सभी नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सीएम धामी ने 36 चयनित अभ्यर्थियों में 13 बेटियों के शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, कि उनकी सफलता सरकारी सेवाओं की तैयारी कर रही प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने कहा, कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके कार्यों का सीधा संबंध आमजन की भूमि, आजीविका और अधिकारों से है।
शासकीय आवास परिसर में नायब तहसीलदार पद पर चयनित 36 नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। सभी चयनित अभ्यर्थियों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए अनंत शुभकामनाएं। https://t.co/q9o3TvTUg3
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) November 25, 2026
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अधिकारियों से नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन एवं राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का पूरी सावधानी, संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ निस्तारण करने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा, कि एक किसान के लिए उसकी भूमि परिवार की आजीविका और बच्चों के भविष्य का आधार होती है।
उन्होंने कहा, कि अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण के निस्तारण में इससे जुड़े परिवारों की परिस्थितियों को भी ध्यान में रखना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा, कि तहसील में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनें तथा आवश्यक दस्तावेजों एवं निर्धारित प्रक्रिया के संबंध में स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से तहसीलों के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में दूरस्थ गांवों से आने वाले लोगों, विशेषकर बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाए।
सीएम धामी ने कहा, कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों के दृष्टिगत आपदा के समय राजस्व अधिकारियों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। आपदा से हुई क्षति का सही एवं समयबद्ध आकलन सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों तक नियमानुसार राहत शीघ्र पहुंच सके।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। सभी अधिकारी अपने सेवाकाल में किसी भी प्रकार के दबाव, सिफारिश अथवा प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना नियमों, कानून और तथ्यों के आधार पर निर्णय लें।
उन्होंने कहा, कि प्रदेश सरकार का मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ है। सभी अधिकारी इस मंत्र को अपनी कार्यशैली में शामिल करें। अधिकारी कार्यप्रणाली को सरल बनाने के साथ ही नागरिकों को उनके आवेदनों की स्थिति के संबंध में स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराएं।
सीएम धामी ने कहा, कि प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शी बनाने और युवाओं की मेहनत एवं भविष्य की रक्षा के लिए राज्य सरकार ने सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। पिछले 5 साल में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं।
कार्यक्रम में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को बधाई देते हुए कहा, कि यह केवल सरकारी सेवा नहीं, बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। राजस्व प्रशासन के माध्यम से आमजन को अधिक से अधिक लाभ कैसे पहुंचाया जा सकता है, इसी सोच के साथ अधिकारियों को कार्य करना चाहिए।
