सांकेतिक चित्र
उत्तराखंड, यूपी, पंजाब समेत पांच राज्यों में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने वाले है। चुनाव की तारीखों का ऐलान अभी तक नहीं हुआ है। हालांकि रिपोर्ट्स की मानें, तो जनवरी के आखिरी हफ्ते के आस-पास चुनाव आयोग तारीख का ऐलान कर सकता है। वहीं विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत प्रदेश में सियासी गतिविधियां तेज होने लगी है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, उत्तराखंड में आचार संहिता इस बार 27 से 30 जनवरी के बीच लग सकती है। इस बार विधानसभा चुनाव फरवरी के बजाए मार्च के पहले सप्ताह में कराये जा सकते है। अंदरखाने इसका खाका तैयार है। फिलहाल जो संकेत मिल रहे है, उनमें चुनाव पांच से दस मार्च के बीच कराए जाने की प्रबल संभावना है।
दरअसल, चुनावी तारीखों के इस संभावित कैलेंडर के पीछे सबसे बड़ी मुख्य वजह बोर्ड परीक्षाएं हैं। ज्यादातर बड़ी परीक्षाएं 15 फरवरी से 10 मार्च के बीच आयोजित होनी हैं। चूंकि चुनाव संपन्न कराने में सरकारी स्कूलों के भवनों और शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है, इसलिए चुनाव आयोग व प्रशासन के सामने परीक्षाओं और मतदान के बीच संतुलन स्थापित करना बड़ी चुनौती है।
यही वजह है कि जनवरी के आखिरी हफ्ते में आचार संहिता लगाकर, बोर्ड परीक्षाओं के आखिरी दौर यानी पांच से दस मार्च के आसपास मतदान कराने का खाका तैयार किया गया है। उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा भी 27 से 30 जनवरी के बीच आचार संहिता प्रस्तावित की गई है।
बताया जा रहा है, कि इस बार चुनाव आयोग उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव तीन चरणों में कराने की तैयारी में है। पिछला 2022 का चुनाव यूपी में सात चरणों में हुआ था। लिहाजा, पहला चरण मार्च के प्रथम सप्ताह में होगा। इस पहले चरण में ही पश्चिम यूपी के साथ उत्तराखंड शामिल होगा।
गौरतलब है, कि राज्य में विधानसभा चुनाव के कारण ही जनगणना पहले कराई जा रही है। प्रदेश में बीजेपी की सरकार मार्च 2022 में बनी थी। इस चुनाव में बीजेपी ने 70 में 47 सीटें जीती थीं और पुष्कर सिंह धामी मुख्यमंत्री बने थे। वहीं उत्तराखंड में सरकार का कार्यकाल 28 मार्च को खत्म हो रहा है।
