सीएम धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक (फोटो साभार: X@DIPR_UK)
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में कुल 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। मंत्रिमंडल की बैठक में ऋषिकेश के बापूग्राम, नैनीताल के बिंदुखत्ता समेत अन्य आरक्षित वन क्षेत्रों में बसी आबादी को नियमित करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है।
कैबिनेट ने इन क्षेत्रों को ‘डी-रिजर्व’ (आरक्षित वन की श्रेणी से बाहर) करने संबंधी प्रस्ताव भारत सरकार को भेजने पर अपनी सहमति दे दी है। ‘डी-रिजर्व’ प्रक्रिया में ऋषिकेश के बापूग्राम की 594.94 एकड़ आरक्षित वन भूमि को शामिल किया गया है। इसके साथ ही नैनीताल जिले के बिंदुखत्ता और राज्य के अन्य वन क्षेत्रों में लंबे समय से बसी आबादी को भी इसके दायरे में लाने पर सहमति बनी है।
राज्य सरकार जल्द ही इसका विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय को भेजेगी। केंद्र सरकार से वन भूमि को डी-रिजर्व करने की मंजूरी मिलने के बाद, वहां रह रहे लोगों की जमीनों को नियमित (रेगुलराइज्ड) किया जाएगा। इसके लिए एक स्पष्ट नीति (पॉलिसी) तैयार करने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने एक उप-मंत्रिमंडलीय समिति का गठन भी किया है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय । https://t.co/d6T9FPf0Ax
— Uttarakhand DIPR (@DIPR_UK) November 27, 2026
बैठक में लिए गए फैसलों के तहत सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष के एक अतिरिक्त पद को स्वीकृति दी गई है। इसके साथ ही मंत्रिमंडल ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आंगनबाड़ी सहायकों का मानदेय बढ़ाए जाने के लिए सीएम को अधिकृत किया गया है। मंत्रिमंडल ने आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1700 रुपए की बढ़ोतरी की है।
श्रम विभाग के तहत उत्तराखंड सामाजिक सुरक्षा के लिए सामाजिक सुरक्षा कोष का गठन किया जाएगा। इससे असंगठित क्षेत्र के कर्मकारों के कल्याण के लिए काम किया जाएगा। कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत उत्तराखंड फार्मा संवर्ग में भी संशोधन को मंजूरी मिली है। अब डी फार्मा के साथ बी फार्मा अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकेंगे।
कैबिनेट मीटिंग में पहाड़ों और दूरस्थ क्षेत्रों में चिकित्सकों की कमी को देखते हुए फैसला लिया गया है, कि राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पोस्ट ग्रेजुएट करने वाले छात्रों के साथ दो साल का बॉन्ड होगा। इसके तहत पीजी कोर्स पूरा होने के बाद उनको राज्य में दो साल तक अपनी सेवाएं देनी होंगी।
कैबिनेट बैठक में इन महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर लगी मुहर-
- उत्तराखंड पेयजल योजनाओं का संचालन एवं रखरखाव नीति, 2026 प्रख्यापन।
- भवन निर्माण और बिल्डिंग बायलॉज के प्रावधानों में शिथिलता दी जाएगी। इसके लिए प्राधिकरण, यूडीए और शासन स्तर पर अनुमति मिलने की व्यवस्था होगी।
- सेतु आयोग के विभागीय ढांचे को मिली मंजूरी।
- हरिद्वार में कुल 21.08 किलोमीटर लंबाई के तीन पीआरटी कॉरिडोर बनाए जाएंगे। इनमें 21 स्टेशन होंगे। पहले कॉरिडोर की लंबाई 15 किलोमीटर होगी, जो सीतापुर से भारत माता मंदिर तक बनेगा। इससे लोगों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
- उप आबकारी आयुक्त के 5 और सहायक आबकारी आयुक्त के 6 पदों के सृजन को मिली मंजूरी, कुल 11 पदों को मंजूरी।
- जिला खनिज फाउंडेशन न्याय शुल्क के रूप में दिए जाने वाले अंशदान और क्षतिपूर्ति शुल्क में बदलाव।
- उत्तराखंड शासन के चिकित्सा शिक्षा एवं चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग द्वारा सेवानिवृत संयुक्त निदेशक दिनेश चंद्र ध्यानी को समान सेवा लाभ दिए जाने संबंधित प्रस्ताव पर मंत्रिमंडल की लगी मुहर।
- उत्तराखंड अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक, राजस्व निरीक्षक सेवा नियमावली बनाई जा रही है, जिसका निर्णय लेने के लिए मंत्रिमंडलीय समिति के गठन को मिली मंजूरी।
- उत्तराखंड महाधिवक्ता कार्यालय अधिष्ठान कर्मचारियों की सेवा नियमावली, 2026 के प्रख्यापन को मिली मंजूरी।
- उत्तराखंड लेखा परीक्षा राजपत्रित सेवा नियमावली, 2019 में संशोधन को मंजूरी।
- उत्तराखंड अधीनस्थ वन सेवा नियमावली, 2026 को मिली मंजूरी।
- विधानसभा मानसून सत्र के सत्रावसान को मिली मंजूरी।
