धामी सरकार ने पेश किया 5 साल का रिपोर्ट कार्ड, (फोटो साभार: X@BJP4UK)
विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भाजपा ने धामी सरकार के पांच साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड जारी कर दिया है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में रिपोर्ट कार्ड का विमोचन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा, हम जनता के बीच में अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर आए हैं। 2022 में भी लेकर आए थे। जो भी संकल्प हमने जनता को दिया था, वो हमने पूरा किया था और आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा, कि उत्तराखंड की जनता के आशीर्वाद से भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है।
उत्तराखण्ड में विकास, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए किए गए कार्यों एवं उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करने हेतु भारतीय जनता पार्टी, उत्तराखण्ड द्वारा अपने कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड लॉन्च किया गया। https://t.co/PZacy2INTv
— BJP Uttarakhand (@BJP4UK) November 26, 2026
मुख्यमंत्री ने कहा, कि उत्तराखंड में पहले यह मिथक था कि हर पांच साल में सरकार बदल जाती है, लेकिन जनता ने इस मिथक को तोड़ दिया। प्रदेश की जनता ने लगातार दूसरी बार भाजपा को सरकार बनाने का मौका दिया। सरकार ने जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए काम किया है और अपने कार्यों का लेखा-जोखा भी सामने रख रही है।
उन्होंने कहा, कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में वर्ष 2014 से उत्तराखंड में विकास कार्यों को गति मिली है। भाजपा ने अपने पिछले घोषणापत्र के अधिकांश वादे पूरे कर दिए हैं और शेष वादों को पूरा करने की दिशा में काम जारी है। मुख्यमंत्री ने कहा, कि अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखंड राज्य का निर्माण किया था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य की प्रगति को नई दिशा दे रहे हैं।
सीएम धामी ने कहा, कि सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में युवाओं को रोजगार, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, बेहतर सड़कें, डिजिटल कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे का विकास शामिल है। उन्होंने दावा किया कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से करीब 36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
सरकारी नौकरी में बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड, 36 हजार से अधिक युवाओं को दी गई सरकारी नियुक्ति। https://t.co/UsqMEV9ET4
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) November 26, 2026
मुख्यमंत्री ने कहा, कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने सख्त नकलरोधी कानून लागू किया है। इस कानून में गंभीर मामलों में आजीवन कारावास और 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री भविष्य निर्माण योजना के तहत 11 हजार युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा, कि युवाओं के लिए जर्मनी और जापान में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसी क्रम में युवा आयोग के गठन की कार्रवाई चल रही है और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए 200 करोड़ रुपये का वेंचर फंड दिया गया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना के तहत विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जा रही है।
राज्य में 2 हजार स्टार्टअप स्थापित, युवा उद्यमियों के लिए ₹200 करोड़ का वेंचर फंड गठित। https://t.co/WfLWeb7jmD
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) November 26, 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, कि बैणी-भुली योजना के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इस योजना से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा, कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जल्द ही प्रदेश को 50 हजार मकान मिलने जा रहे हैं।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा, कि पार्टी हर साल अपने कार्यक्रमों और योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाती है, लेकिन चुनाव के समय पूरे कार्यकाल का लेखा-जोखा जनता के सामने रखना जरूरी है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री धामी सरकार का रिपोर्ट कार्ड जारी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, कि राज्य सरकार ने केंद्र के सामने जो भी योजनाएं रखीं, उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने तवज्जो दी। इससे प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली। निकाय और पंचायत चुनाव समेत विभिन्न चुनावों में पार्टी को जनता का समर्थन मिला है। भाजपा अपने विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच जा रही है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन, पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक और तीरथ सिंह रावत भी उपस्थित रहे।
