पुलिस की गिरफ्त में आरोपी, (फोटो साभार: etvbharat)
ऋषिकेश स्थित रायवाला के हरिपुर कला में गाड़ी पार्किंग को लेकर हुए विवाद में दबंग ने फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है, कि आरोपित ने करीब चार राउंड गोलियां चलाईं। गोलियों की आवाज सुनकर इलाके में दहशत फैल गई। गनीमत रही, कि फायरिंग में कोई जनहानि नहीं हुई।
रायवाला थाना प्रभारी मोहन सिंह के मुताबिक, बीते सोमवार की रात करीब 10 बजे हरिपुर कला के इंटर कॉलेज रोड निवासी शिवम लिंगवाल पुत्र नंदलाल ने कोतवाली रायवाला में तहरीर देकर बताया, कि धर्मपाल उर्फ मुन्ना उनके घर के सामने पहुंचा और वहां खड़ी उनकी मोटरसाइकिल तथा पड़ोसी की कार को लात मारने लगा।
इस दौरान आरोपित ने दबंगई दिखाते हुए वाहन हटाने को कहा। शिवम और उनके साथ मौजूद परिजनों ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपित ने जेब से रिवॉल्वर निकालकर उन पर फायर झोंक दिया। इस दौरान पीड़ित और उसके परिजन बाल-बाल बच गए, जबकि आरोपी की गोली कार में जा लगी।
बताया जा रहा है, कि आरोपित ने कुल चार राउंड फायरिंग की। गोली चलने की आवाज से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया और लोग अपने घरों में दुबक गए। कुछ लोगों ने अपने घरों की छतों से फायरिंग की घटना को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया।
सूचना पर रायवाला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए। मामले में पीड़ित की तहरीर के आधार पर मंगलवार 24 नवंबर को कोतवाली रायवाला में धारा 109, 351 और 352 में मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर थानाध्यक्ष रायवाला के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपित धर्मपाल उर्फ मुन्ना (45 वर्ष) पुत्र प्रेम सिंह निवासी इंटर कॉलेज रोड, हरिपुर कला को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लाइसेंसी रिवॉल्वर और चार खोखे कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी उत्तराखंड के साथ ही अन्य राज्यों से भी जुटाई जा रही है।
