यूट्यूबर ध्रुव राठी, (फोटो साभार:X@indiacom)
दिल्ली की साकेत कोर्ट ने यूट्यूबर ध्रुव राठी के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है। 2018 के आपराधिक मानहानि मामले में अदालत द्वारा यह आदेश जारी किया गया है। यह आदेश मजिस्ट्रेट अनम रईस खान ने शिकायतकर्ता विकास सांकृत्यायन उर्फ विकास पांडे की शिकायत पर सुनवाई के बाद जारी किया है।
बार एंड बेंच की एक्स पोस्ट के अनुसार, आठ वर्ष पुराने मानहानि मामले में जमानती वारंट जारी करने के 37 दिन बाद साकेत कोर्ट ने सोमवार को यूट्यूबर ध्रुव राठी की लगातार अनुपस्थिति और उन्हें न्यायिक कार्यवाही में पेश करने के लिए किए जा रहे प्रयासों में आ रही दिक्कतों के मद्देनजर यह गैर जमानती वारंट जारी किया है।
#Breaking
Delhi court issues non-bailable warrant (NBW) against Youtuber Dhruv Rathee in 2018 defamation case filed by Vikas Sankrityayan alias Vikas Pandey.@dhruv_rathee @MODIfiedVikas https://t.co/mYibqpv92A
— Bar and Bench (@barandbench) November 23, 2026
बता दें, इससे पहले ध्रुव राठी के खिलाफ 17 अक्टूबर को भी अदालत ने जमानती वारंट जारी किया था। हालांकि समन के बाद भी वे कोर्ट में पेश नहीं हुए थे। वहीं, यूट्यूबर की ओर से पेश अधिवक्ता ने कोर्ट को बताया था, कि वे लंदन चले गए हैं, इस कारण वह व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश नहीं हो सकते।
इससे बाद 31 अक्टूबर को अदालत ने राठी के खिलाफ नया जमानती वारंट जारी किया था और उसे गुरुग्राम स्थित उनके पते पर तामील कराने का निर्देश दिया था। हालांकि, यह वारंट भी तामील नहीं हो सका था। कोर्ट को बताया गया था ,कि उनके आवास पर भेजे गए नए समन का भी तामील नहीं हो सका, क्योंकि वहां ताला लगा हुआ था।
वहीं, मामले में दो बार जमानती वारंट के बाद अब गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी कर दिया गया है। ऐसे में ध्रुव राठी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। अगर यूट्यूबर भारत आता है, तो उनकी गिरफ्तारी संभव हो सकती है। गौर है, कि अक्टूबर की शुरुआत में राठी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के प्रदर्शनों में शामिल होने के लिए भारत आये थे।
बता दें, कि यह मामला मई 2018 में ध्रुव राठी के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए वीडियो से जुड़ा है। शिकायतकर्ता विकास सांस्कृत्यायन ने आरोप लगाया है, यूट्यूबर ने BJP IT Cell Part II नाम से वीडियो जारी कर उनके खिलाफ कथित तौर पर झूठे आरोप लगाए और उनकी मानहानि की थी।
इस वीडियो को राठी के सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया गया था और बाद में अरविंद केजरीवाल ने इसे रीट्वीट किया था, जो उस समय दिल्ली के मुख्यमंत्री थे। हालांकि पूर्व सीएम केजरीवाल ने वीडियो को रीट्वीट करने के लिए सुप्रीम कोर्ट में माफी मांगी थी, जबकि ध्रुव राठी के खिलाफ कार्यवाही जारी रही।
शिकायतकर्ता विकास सांस्कृत्यायन उर्फ विकास पांडे का आरोप है, कि वीडियो में उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाए गए, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा। बता दें, कि कोर्ट में अब इस मामले की अगली सुनवाई 3 दिसंबर को होगी।
