दून पुलिस की गिरफ्त में लूट के आरोपित,(फोटो साभार: X@DehradunPolice)
देहरादून के बसंत विहार क्षेत्र में बुजुर्ग दंपती के घर हुई लूट की वारदात का दून पुलिस ने 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, केयरटेकर ने ही लूट की पूरी साजिश रची थी। पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वहीं मुख्य साजिशकर्ता केयरटेकर होशियार सिंह की तलाश की जा रही है।
एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया, कि कांवली गांव निवासी रमेश कौर संधू ने सोमवार 23 नवंबर को बसंत विहार थाने में घर से नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
बसंत विहार क्षेत्र मे बुजुर्ग व्यक्ति के घर हुई चोरी की घटना का 36 घंटे मे दून पुलिस ने किया खुलासा
घटना मे शामिल तीन अभियुक्त को किया गिरफ्तार
अभियुक्तो के कब्जे से घटना मे लूटे गए 12 लाख रुपये कीमत के आभूषण एवं नकदी हुई बरामद
घर का केयरटेकर ही निकला चोरी की घटना का मास्टरमाइंड https://t.co/gOHr2EQBld— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) November 26, 2026
उन्होंने बताया, कि रविवार 22 नवंबर की रात अज्ञात लोग उनके घर में घुसे और उनकी तथा घर में काम करने वाली नौकरानी की आंखों में स्प्रे डालकर नकदी और सोने-चांदी के आभूषण लूटकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान महिला और उनकी नौकरानी के बयान सामने आने पर पता चला, कि वारदात चोरी नहीं, बल्कि लूट की थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चार पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों से पूछताछ की।
जांच में सामने आया, कि घर में केयरटेकर के रूप में काम करने वाले होशियार सिंह ने ही लूट की योजना बनाई थी। उसने बिजनौर निवासी हिमांशु, उसके भाई नितिन और बहन रुपा को घर की जानकारी दी और वारदात में शामिल होने का लालच दिया।
योजना के अनुसार, 22 नवंबर की रात करीब दो बजे तीनों घर पहुंचे। होशियार सिंह पहले से मौजूद था। उसी ने दरवाजा खोलकर उन्हें अंदर बुलाया और वारदात को अंजाम देने में मदद की। आरोपितों ने बुजुर्ग महिला और नौकरानी की आंखों में स्प्रे डालकर उन्हें काबू किया और महिला के पहने हुए आभूषण जबरन उतरवा लिए।
इसके बाद घर में रखे अन्य जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। बसंत विहार थाना प्रभारी अमित शर्मा ने बताया, कि 25 नवंबर को सूचना मिली, कि घटना में शामिल हिमांशु अपने भाई-बहन के साथ लूट का सामान छिपाकर देहरादून से बाहर जाने की फिराक में है। तीनों कांवली गांव स्थित कब्रिस्तान के पास मौजूद हैं।
पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर करीब 12 लाख रुपये कीमत के आभूषण और 15 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हिमांशु (21) और नितिन (23) पुत्र सुरेंद्र सिंह और उनकी बहन रुपा (20) पुत्री सुरेंद्र सिंह निवासी बिजनौर यूपी के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर प्राथमिकी में धारा बढ़ाई है। वहीं, केयरटेकर होशियार सिंह की भूमिका सामने आने के बाद उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है, कि घर में नौकर रखने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल कर करें और अनिवार्य रूप से पुलिस वेरिफिकेशन कराएं।
