कार्तिक पूर्णिमा पर धर्मनगरी हरिद्वार में उमड़ा आस्था का सैलाब, (फोटो साभार: ANI)
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को श्रद्धालुओं ने हरकी पैड़ी में गंगा स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। धर्मनगरी हरिद्वार में भक्तों ने गंगा नदी में पवित्र डुबकी लगाने के बाद शक्तिपीठों में दर्शन किए और मनोवांछित फल की कामना की। गंगा के घाट हर हर गंगे और जय मां गंगे के जयकारों से माहौल भक्तिमय नजर आ रहे है।
मंगलवार 24 नवंबर की सुबह से ही गंंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी और भक्तों ने स्नान दान के साथ अनुष्ठान कर भव्य गंगा आरती के दर्शन किए। गंगा स्नान कर श्रद्धालुओं ने शक्तिपीठ मनसा देवी, चंडी देवी ओर माया देवी मंदिर में दर्शन किए।
Haridwar, Uttarakhand: Devotees gather at Har Ki Pauri and other ghats to take a holy dip in the Ganga on Kartik Purnima. https://t.co/iji9JGjALB
— IANS (@ians_india) November 24, 2026
दिव्य दर्शन के साथ ही श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर 365 दीपों की जोत जलाकर चतुर्थी की पूजा की। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने से सभी मनोकामनाएं पूरी होने का महत्व बताया गया है। इस दिन भगवान विष्णु और चंद्रमा की पूजा की जाती है। कार्तिक पूर्णिमा को त्रिपुरी पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है।
हिंदू धर्मग्रंथों में वर्णित है, कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन गंगा एवं अन्य पवित्र नदियों में स्नान करने से मनुष्य को विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है और विष्णुलोक की प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त होता है। भगवान शिव ने आज ही के दिन त्रिपुरासुर नाम के राक्षसों का वध किया था और देवी देवताओं को उनके आतंक से मुक्ति दिलाई थी।
धर्मनगरी हरिद्वार में कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए है। पूरे मेला क्षेत्र को दो सुपर जोन, 11 जोन और 30 सेक्टरों में बांटकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है।
हरकी पैड़ी, प्रमुख घाटों, बाजारों और भीड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात है। भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु रखने के लिए पुलिसकर्मी लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए है। शहर में वाहनों का दबाव कम करने के लिए डायवर्जन प्लान लागू है, जबकि हाईवे पर भारी वाहनों की एंट्री पर रोक लगाई गई है।
