स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी की बढ़ी मुश्किलें, (फोटो साभार: X@CNNnews18)
छठ पूजा और सिंदूर को लेकर स्टैंडअप काॅमेडियन यश माहेश्वरी द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणी का वीडियो वायरल होने के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग ने प्रकरण का संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने बिहार के पुलिस महानिदेशक को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
आयोग के मुताबिक, वीडियो में छठ पूजा करने वाली विवाहित महिलाओं और बिहार की महिलाओं को लेकर कथित तौर पर अपमानजनक बातें कही गई थीं। आयोग ने यह भी कहा है, कि जरूरत पड़ने पर दूसरे राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय बनाकर जांच और कार्रवाई की जाए। वहीं, पटना पुलिस ने भी कॉमेडियन के खिलाफ FIR दर्ज की है।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने 24 नवंबर 2026 को एबीपी लाइव द्वारा प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट एवं सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित वीडियो का स्वतः संज्ञान लिया है। रिपोर्ट के अनुसार, स्टैंड-अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी द्वारा छठ पूजा करने वाली विवाहित महिलाओं तथा नाक से लंबा सिंदूर लगाने की पारंपरिक प्रथा को लेकर कथित तौर पर अश्लील एवं अपमानजनक टिप्पणियां की गई हैं।
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती विजया रहाटकर ने बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) को वीडियो की सत्यता एवं संदर्भ की जांच करने तथा भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 79 और अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कथित टिप्पणियों की जांच करने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने तथा आरोपों की पुष्टि होने पर उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। आवश्यकता पड़ने पर अन्य राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
आयोग ने 7 दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) मांगी है।
अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाना या उनकी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं पर अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणियां करना स्वीकार्य नहीं है। महिलाओं के सम्मान और गरिमा की रक्षा सर्वोपरि है तथा कानून का उल्लंघन पाए जाने पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। @bihar_police @PIBPatna
#ncw #ncwindia— NCW (@NCWIndia) November 25, 2026
दरअसल, सोशल मीडिया पर व्यूज बटोरने और वायरल होने की दौड़ में अक्सर कॉमेडियन अपनी मर्यादा भूलते जा रहे हैं। इसी क्रम अब स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी ने बिहार की महिलाओं के सिंदूर पर आपत्तिजनक बयान दे दिया, जिसपर हंगामा मच गया है। वीडियो सामने आने के बाद बिहार में भारी नाराजगी और आक्रोश है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में यश माहेश्वरी द्वारा इस्तेमाल किए गए शब्दों को लेकर लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है। लोगों का कहना है, कि यह केवल हास्य नहीं बल्कि महिलाओं और उनकी धार्मिक आस्था का अपमान है। काॅमेडियन ने लोकप्रियता और सुर्खियां बटोरने के लिए मर्यादा की सीमाएं पार कर दी हैं।
यश माहेश्वरी द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर भाजपा ने भी सख्त नाराजगी जताई है। दिल्ली प्रदेश भाजपा पूर्वांचल मोर्चा ने पुलिस से शिकायत की है। मोर्चा के नेताओं ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने मध्य दिल्ली के डीसीपी रोहित राजवीर सिंह से मिलकर लिखित शिकायत दी है।
उन्होंने कहा, कि छठ महापर्व में महिलाएं अपने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और खुशहाली के लिए कठिन व्रत रखती हैं। उनके विरुद्ध अमर्यादित टिप्पणी किसी एक समाज या क्षेत्र का नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और नारी सम्मान का अपमान है। ऐसे लोगों को समझना होगा, कि भारत की सांस्कृतिक आस्था कोई मनोरंजन का विषय नहीं है।
बता दें, कि राजस्थान के जयपुर निवासी यश माहेश्वरी खुद को स्टैंड-अप कॉमेडियन और कंटेंट क्रिएटर बताता है। वह दिल्ली-एनसीआर के कॉमेडी सर्किट में सक्रिय हैं। उसने वर्ष 2022 में Almost Yash नाम से अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया था और उनके चैनल पर करीब 29 हजार सब्सक्राइबर है।
वहीं विवाद बढ़ने के बाद यश माहेश्वरी ने अपने यूट्यूब चैनल पर वीडियो जारी कर माफी मांगी है। फिलहाल इस मामले में पुलिस की जांच जारी है। NCW के निर्देशों के बाद अब जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई पर लोगों की नजर रहेगी।
