उत्तरकाशी के इंद्रमणि नौटियाल स्वदेश लौटे, (फोटो साभार: अमर उजाला)
सऊदी अरब में करीब नौ साल तक जेल में रहने के बाद इंद्रमणि नौटियाल आखिरकार स्वदेश लौट आए हैं। उनकी स्वदेश वापसी संभव बनाने के लिए उनकी बेटी दीपिका की पहल पर देश-विदेश के हजारों लोगों ने आर्थिक सहयोग किया। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर जब पिता बेटी से मिले, तो दोनों की आंखों से आंसू छलक पड़े।
जानकारी के अनुसार, जनपद उत्तरकाशी के गोरसाड़ा गांव निवासी इंद्रमणि नौटियाल वर्ष 2018 में रोजगार की तलाश में सऊदी अरब गए थे। वहां वह रियाद की एक निजी कंपनी में ट्रक चालक की नौकरी कर रहे थे। वर्ष 2019 में ट्रक चलाते समय उनकी एक कार से भीषण टक्कर हो गई।
इस सड़क दुर्घटना में कार सवार पांच सऊदी नागरिकों की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया था। हादसे के बाद सऊदी अरब की अदालत ने इंद्रमणि को करीब एक वर्ष के कारावास की सजा सुनाई। इंद्रमणि ने अपनी सजा पूरी कर ली, लेकिन इसके बावजूद उनकी घर वापसी संभव नहीं हो सकी।
दरअसल, अदालत ने इंद्रमणि को हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को मुआवजा देने के लिए करीब 9 लाख 84 हजार सऊदी रियाल जमा कराने का आदेश दिया था। यह रकम भारतीय मुद्रा में करीब 2.51 करोड़ रुपए थी। कोर्ट द्वारा लगाए गए भारी मुआवजे (ब्लड मनी) को न चुका पाने के कारण उनकी वापसी अटक गई।
समाजसेवी रोशन रतूड़ी के अनुसार, हादसे के समय ट्रक का बीमा नहीं था। इसी वजह से मुआवजे की पूरी जिम्मेदारी का मामला इंद्रमणि पर आ गया। इतनी बड़ी रकम जुटाना परिवार के लिए संभव नहीं था। पिता की वापसी के लिए दीपिका लगातार प्रयास कर रही थी।
उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर लोगों से आर्थिक मदद मांगी। दीपिका की इस भावुक अपील के बाद उत्तरकाशी से शुरू हुई मदद की मुहिम देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों तक पहुंच गई। ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों, प्रवासी भारतीयों और हजारों लोगों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार आर्थिक सहयोग दिया।
इस मुहिम में उत्तराखंड सरकार की ओर से भी दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। वहीं, टिहरी निवासी अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी रोशन रतूड़ी ने इंद्रमणि की रिहाई के लिए धनराशि जुटाने और आवश्यक प्रयासों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लोगों ने भी रोशन रतूड़ी के प्रयासों की जमकर सराहना की।
इंद्रमणि की स्वदेश वापसी की खबर से उनके परिवार और गांव में खुशी का माहौल है। इंद्रमणि ने भी लोगों का आभार जताते हुए कहा, कि उनकी वापसी में उत्तराखंड की माताओं-बहनों, प्रवासी भारतीयों, नौजवानों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और होटल कारोबारियों का योगदान शामिल है।
