पुलिस मुठभेड़ में 2 अपराधी गिरफ्तार,(फोटो साभार: X@DehradunPolice)
देहरादून में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ की खबर है। पटेलनगर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट वाली बाइक को रोकने का प्रयास किया, तो बदमाश रुकने के बजाय भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र अंतर्गत नयागांव के पास शनिवार देर रात सघन चेकिंग के दौरान पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया। इस पर बाइक सवार चेकिंग पॉइंट पर नहीं रुके और बुडपुर की ओर भागने लगे। इसके बाद पुलिस टीम ने पीछा किया।
इस दौरान बदमाशों ने पुलिस की गाड़ी को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। गोली लगने से पुलिस का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद पुलिस टीम ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए।
घायल बदमाशों को इलाज के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय भेजा गया। एसपी सिटी शेखर सुयाल ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ अस्पताल पहुंचकर भी घटना की जानकारी ली। वहीं, फॉरेंसिक की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
देर रात्रि दून पुलिस को मिली बड़ी सफलता
पटेलनगर मे देर रात पुलिस और बदमाशो के बीच मुठभेड़,दो बदमाश घायल
फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार बदमाशो ने चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
आत्मरक्षा मे की गई जवाबी फायरिंग में दोनो बदमाशों के पैर में लगी गोली https://t.co/wiiP6OpJJd— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) November 1, 2026
मुठभेड़ में घायल बदमाशों की पहचान शमीम पुत्र इलियास और शहजाद पुत्र इखलाक, निवासी रुड़की, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में दोनों बदमाशों ने पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर थाना क्षेत्रों में नकबजनी की कई वारदातों में शामिल होने का खुलासा किया।
पूछताछ में यह जानकारी भी सामने आई, कि दोनों बदमाश शनिवार रात भी किसी वारदात को अंजाम देने के फिराक में घूम रहे थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपितों के कब्जे से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।
फिलहाल पुलिस दोनों बदमाशों से पूछताछ कर रही है। साथ ही देहरादून और हरिद्वार में हुई अन्य आपराधिक घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है।
एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल ने बताया, कि दोनों आरोपितों का लंबा आपराधिक इतिहास है। शमीम के खिलाफ एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि शहजाद के खिलाफ भी देहरादून और हरिद्वार में कई मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपित पूर्व में कई बार हरिद्वार जेल जा चुके हैं।
