करवा चौथ, (फोटो साभार: X@WebduniaHindi)
करवा चौथ के पावन पर्व पर जहां ज्यादातर लोग त्योहार के उत्सव में डूबे थे, वहीं मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक ऐसा हैरान कर देने वाला मामला सामने है, जिसने सभी को चौंका दिया। दरअसल, एक युवक ने अपनी पत्नी के खिलाफ थाने में शिकायत दी है, कि उसकी पत्नी ने न तो उसके लिए करवा चौथ का व्रत रखा और न ही चांद की पूजा की।
रिपोर्ट्स के अनुसार, शिवपुरी जिले के बदरवास थाने में युवक ने शिकायत देकर कहा, कि मेरी पत्नी मेरी उम्र नहीं बढ़ाना चाहती, मुझे मारना चाहती है, इसलिए करवाचौथ का व्रत नहीं रखा। युवक ने पत्नी से कहा, कि तू चांद देख ले, जिससे मेरी उम्र बढ़ जाए, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया, क्योंकि वह मुझे मारना चाह रही है।
युवक ने पुलिस को दी शिकायत में लिखा, कि बार-बार समझाने के बाद भी उसकी पत्नी करवा चौथ का व्रत नहीं रखती। इसका मतलब है, कि वह मेरी लंबी उम्र नहीं चाहती। पति का दावा है, कि पत्नी उसके लिए कोई मंगलकामना नहीं कर रही, जिससे उसे अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है और पत्नी की मंशा ठीक नहीं लग रही है।
इस बात से नाराज पति का कहना है, कि अगर वह करवा चौथ का व्रत नहीं रखेगी तो मैं तलाक दे दूंगा। वहीं इस प्रकार की शिकायत सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई। थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे समझाया, कि छोटी-छोटी बातों पर तलाक की बात नहीं करते। परिवार ऐसे नहीं चलता, लेकिन पति अपनी बात पर अड़ा रहा।
इस मामले में कोलारस एसडीओपी संजय मिश्रा का कहना है, कि दंपति के बीच विवाद का मामला है। महिला अधिकारी के माध्यम से पति-पत्नी की काउंसलिंग कर दोनों के बीच विवाद सुलझाने के निर्देश दिए गए है। फिलहाल अब यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
