पुलिस ने मोबाइल की दुकान में घुसे दो पर्यटकों को दबोचा, (फोटो साभार: X@DehradunPolice)
मसूरी पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत मोबाइल की दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे दो युवकों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से नौ मोबाइल फोन, चार्जर, एडाप्टर, डाटा केबल समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दुकान का ताला तोड़ने में इस्तेमाल हथौड़ा बरामद किया है।
वरिष्ठ उप निरीक्षक सतेंद्र भाटी के मुताबिक, कि एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जिलेभर में अपराधियों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार तड़के कोतवाली मसूरी पुलिस की टीम गश्त पर थी। इस दौरान मॉल रोड स्थित मस्जिद वाली गली में स्टार मोबाइल दुकान के आसपास संदिग्ध गतिविधियां नजर आई।
#एसएसपी_देहरादून की सख्ती का दिखता असर,
दून पुलिस की मुस्तैदी से चोरी की घटना को अंजाम देने वाले 02 अभियुक्त हुए रंगेहाथ गिरफ्तार,
अभियुक्तो के कब्जे से चोरी किये गये 09 मोबाइल फोन व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण हुए बरामद।
घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल को पुलिस ने किया सीज pic.twitter.com/RWPHVkkNBi
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) July 27, 2026
इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए दुकान की घेराबंदी की और अंदर प्रवेश किया, जहां दो युवक दुकान से मोबाइल और अन्य सामान चोरी करते हुए रंगेहाथ पकड़ लिए गए। पुलिस ने मौके से विभिन्न कंपनियों के नए, पुराने और मरम्मत के लिए आए कुल नौ मोबाइल फोन, मोबाइल संबंधी अन्य उपकरण, हथौड़ा तथा वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की।
पूछताछ के दौरान आरोपितों ने बताया, कि वे दोनों पंजाब से मसूरी घूमने आए थे, लेकिन दो दिन पहले उनके पास मौजूद पैसे खत्म हो गए थे, जिसके बाद उन्होंने चोरी करने की योजना बनाई। आरोपितों ने यह भी बताया, कि लगातार हो रही पुलिस की रात्रि गश्त और चेकिंग के कारण वे पहले चोरी की घटना को अंजाम नहीं दे सके थे।
बीते सोमवार तड़के जैसे ही उन्होंने दुकान का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया, पुलिस ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान 38 वर्षीय जगहीर सिंह निवासी जसूवती गांव शेरूड़, जिला संगरूर और 30 वर्षीय तरणप्रीत सिंह निवासी गांव कमालपुर, जिला संगरूर पंजाब के रूप में हुई है।
वरिष्ठ उप निरीक्षक ने बताया, कि दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली मसूरी में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओ में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपितों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
