भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने दर्ज की ऐतिहासिक जीत, (फोटो साभार-X/@BCCIWomen)
भारत ने महिला T-20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में शानदार जीत दर्ज करते हुए एक बार फिर पाकिस्तान को धूल चटाई है। टूर्नामेंट में पाकिस्तान को 64 रनों से हराकर टीम इंडिया ने जीत के साथ अपने अभियान का शानदार आगाज किया है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 170 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम सिर्फ 106 रन पर ऑलआउट हो गई।
आईसीसी महिला T-20 वर्ल्ड कप 2026 का छठा मुकाबला रविवार (14 जून 2026) को भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया। बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने स्मृति मंधाना की तूफानी पारी के दम पर पहले बल्लेबाजी करते हुए 171 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसके जवाब में पाकिस्तान की टीम सिर्फ 106 रन पर ही ढेर हो गई।
टीम इंडिया की ओर से दीप्ति शर्मा ने घातक गेंदबाजी करते हुए सर्वाधिक 5 विकेट चटकाए। उनके अलावा, श्री चरणी ने 3 विकेट और शैफाली वर्मा ने एक विकेट हासिल किए।
Statement win from India as they defeat arch-rivals Pakistan to kick off their #T20WorldCup campaign 👊
📝: https://t.co/GWzpFgR2ei pic.twitter.com/NMajze9vtO
— ICC (@ICC) June 14, 2026
बता दें, कि टॉस जीतकर मैदान में पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय महिला टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 170 रन बनाए थे। भारत के लिए स्मृति मंधाना ने 44 गेंदों पर 68 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। वहीं, कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 36 रन और ऋचा घोष ने 34 रन बनाए।
गौरतलब है, कि भारत का 170/6 का स्कोर महिला T-20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ उसका अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। यह विश्व कप इतिहास में भारतीय महिला टीम का तीसरा सर्वोच्च स्कोर भी है। भारत इससे पहले 2018 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 194/5 और 2024 में श्रीलंका के खिलाफ 172/3 का स्कोर बना चुका है।
बता दें, कि मुकाबले से पहले टॉस के समय भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर और पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना ने एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाया। लगातार दूसरे आईसीसी टूर्नामेंट में दोनों टीमों की महिला कप्तानों के बीच ऐसा देखने को मिला।
