(सांकेतिक चित्र)
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मैदानी क्षेत्रों में धूप खिलने से लोगों को राहत मिल रही है, हालांकि, प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में तापमान सामान्य या उससे अधिक बना हुआ है। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादलों की आवाजाही बनी हुई है। चारधाम में भी मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने आज सोमवार को प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना व्यक्त की है। वहीं मैदानी और घाटी वाले क्षेत्रों में कोहरे का असर देखने को मिलेगा, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। जबकि शेष जिलों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की उम्मीद जताई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, सोमवार को प्रदेश के पांच पर्वतीय जनपदों उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा होने की संभावना है। वहीं, 3400 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्का हिमपात भी हो सकता है। हालांकि, सोमवार के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
https://t.co/F0DbmlkoMP
— Meteorological Centre Dehradun (@mcdehradun) November 1, 2026
मंगलवार से प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। वहीं राज्य के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर जारी है। बदरीनाथ व केदारनाथ धाम में हल्की बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी है।
बर्फबारी के चलते पूरे क्षेत्र में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। मौसम में आए बदलाव के बाद बदरीनाथ धाम और आसपास के क्षेत्रों में ठिठुरन बढ़ गई है। बर्फबारी से धाम का नजारा भी पूरी तरह बदल गया है। ऊंचाई वाले क्षेत्र में ठंड का असर अधिक महसूस किया जा रहा है।
